scorecardresearch
Thursday, 18 June, 2026
होमरिपोर्टमध्यप्रदेश में मोहन यादव ने रानी लक्ष्मीबाई को दी श्रद्धांजलि, जल संरक्षण अभियान में किया श्रमदान

मध्यप्रदेश में मोहन यादव ने रानी लक्ष्मीबाई को दी श्रद्धांजलि, जल संरक्षण अभियान में किया श्रमदान

इंदौर प्रवास के दौरान किला मैदान पहुंचे मुख्यमंत्री, प्राचीन बावड़ी का निरीक्षण किया और गौशाला में गौ-माता को चारा खिलाया

Text Size:

नई दिल्ली: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार को इंदौर प्रवास के दौरान ऐतिहासिक किला मैदान पहुंचे. यहां उन्होंने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का अद्वितीय साहस, अमर शौर्य और अदम्य राष्ट्रप्रेम पूरे देश के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा.

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने अल्पायु में मातृभूमि की रक्षा और स्वाभिमान के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया. उनका जीवन और संघर्ष हर पीढ़ी को राष्ट्रसेवा, साहस और स्वाभिमान के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और महापुरुषों के गौरवशाली इतिहास को संरक्षित करने तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है.

इंदौर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत लिंबोदी क्षेत्र में तालाब पर श्रमदान भी किया. इसके अलावा उन्होंने प्राचीन श्री वीरगढ़ी हनुमान मंदिर पहुंचकर वहां स्थित प्राचीन बावड़ी का निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री ने गौशाला में गौ-माता को चारा खिलाकर संरक्षण और संवर्धन का संदेश भी दिया.

उन्होंने कहा कि इंदौर का ऐतिहासिक किला मैदान क्षेत्र महान वीरों की स्मृतियों और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण साक्षी है. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे.

share & View comments