नई दिल्ली: मध्यप्रदेश में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पांच दिवसीय प्रवास पर हैं. बुधवार को वे अल्प प्रवास के लिए इंदौर पहुंचीं, जहां राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित जनप्रतिनिधियों ने देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया. स्वागत के बाद राष्ट्रपति विशेष हेलीकॉप्टर से अपने निर्धारित कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गईं.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राष्ट्रपति का मध्यप्रदेश दौरा राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति 19 जून को ओंकारेश्वर में अंतर्राष्ट्रीय सिकल सेल दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगी. 20 जून को वे जबलपुर पहुंचेंगी तथा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी. 22 जून को वे कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण करेंगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति चीता प्रोजेक्ट का अवलोकन करेंगी और सिकल सेल एनीमिया जैसी गंभीर चुनौती से निपटने के प्रयासों को भी देखेंगी. उन्होंने विश्वास जताया कि उनका दौरा प्रदेशवासियों में उत्साह और उमंग का संचार करेगा.
यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश ने विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश की समृद्धि और प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है.