scorecardresearch
Thursday, 18 June, 2026
होमरिपोर्टजल जीवन हरियाली अभियान की 95 फीसदी योजनाएं पूरी, 35 हजार किसानों को मिला लाभ

जल जीवन हरियाली अभियान की 95 फीसदी योजनाएं पूरी, 35 हजार किसानों को मिला लाभ

बिहार में सिंचाई क्षमता बढ़ाने और जल संरक्षण को लेकर सरकार का दावा, कई नई योजनाएं भी प्रस्तावित

Text Size:

नई दिल्ली: बिहार में राज्य सरकार के जल जीवन हरियाली अभियान के तहत लघु जल संसाधन विभाग ने स्वीकृत कुल योजनाओं में 95 फीसदी योजनाओं को पूरा कर लिया है. यह जानकारी विभाग के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने बुधवार को पटना स्थित सूचना भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में दी.

उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में शुरू किए गए जल जीवन हरियाली अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 तक कुल 2537 योजनाओं को स्वीकृति मिली थी, जिनमें से 2371 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं. इन योजनाओं से 2.52 लाख हेक्टेयर से अधिक सिंचाई क्षमता तथा 1094 लाख घन मीटर जल संचयन क्षमता का पुनर्स्थापन हुआ है. वहीं वर्ष 2026-27 के लिए 206.39 करोड़ रुपये की 154 नई योजनाओं का प्रस्ताव भेजा गया है.

मंत्री ने बताया कि ‘हर खेत तक सिंचाई का पानी’ कार्यक्रम के अंतर्गत 2256 स्वीकृत योजनाओं में से 1837 योजनाएं पूरी कर ली गई हैं, जिससे 2.27 लाख हेक्टेयर सिंचाई क्षमता बहाल हुई है. मुख्यमंत्री निजी नलकूप योजना के तहत 35 हजार किसानों को डीबीटी के माध्यम से अनुदान दिया गया है, जिससे लगभग 1.75 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई हो रही है.

उन्होंने कहा कि दक्षिण बिहार में जल संकट दूर करने, आहर-पईन को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा बंद सरकारी नलकूपों को चालू करने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है.

share & View comments