नई दिल्ली उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बालिका शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है. आईआईटी गांधीनगर, गुजरात द्वारा संचालित क्यूरियोसिटी प्रोग्राम 2026-27 के तहत आयोजित विशेष ओरिएंटेशन सत्र के लिए प्रदेश के दो कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का चयन किया गया है. चयनित विद्यालयों में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय कौड़िहार-1, प्रयागराज और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय लोनी (नगर पालिका), गाजियाबाद शामिल हैं.
विभागीय निर्देशों के अनुसार 13 से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले कार्यक्रम में प्रत्येक विद्यालय से दो छात्राएं और एक शिक्षिका भाग लेंगी. इस दौरान छात्राओं को देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों में सीखने, समझने और नवाचार आधारित गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा.
आईआईटी गांधीनगर के सेंटर फॉर क्रिएटिव लर्निंग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार चयन पूरे वर्ष क्यूरियोसिटी कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है. कौड़िहार-1 विद्यालय ने 50 में से 46 सत्रों में भागीदारी करते हुए 92 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की, जबकि लोनी विद्यालय ने 50 में से 49 सत्रों में भाग लेकर 98 प्रतिशत उपस्थिति हासिल की.
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को विज्ञान, गणित, रचनात्मक अधिगम, नवाचार और समस्या समाधान आधारित गतिविधियों से परिचित कराया जाएगा. इससे उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होगा और उच्च शिक्षा के प्रति आत्मविश्वास बढ़ेगा.