scorecardresearch
Monday, 2 November, 2026
होमखेलराइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारत ए टीम में अभिषेक और सूर्यवंशी, तिलक को कप्तानी

राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारत ए टीम में अभिषेक और सूर्यवंशी, तिलक को कप्तानी

Text Size:

नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और किशोर बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को 19 से 29 नवंबर तक दोहा में होने वाले एसीसी (एशियाई क्रिकेट परिषद) पुरुष राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए सोमवार को 15 सदस्यीय मजबूत भारत ए टीम में शामिल किया गया।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की विज्ञप्ति के अनुसार तिलक वर्मा टीम की कप्तानी करेंगे जबकि रजत पाटीदार को उपकप्तान बनाया गया है।

टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र के अलावा रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे और शाहबाज अहमद को भी जगह मिली है।

ऑलराउंडर विपराज निगम, हर्ष दुबे और तनुष कोटियन को भी टीम में शामिल किया गया है जबकि तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी हर्षित राणा, प्रिंस यादव और अरशद खान संभालेंगे।

भारत ए को ग्रुप बी में पाकिस्तान ए, नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के साथ रखा गया है। ग्रुप ए में बांग्लादेश ए, श्रीलंका ए, अफगानिस्तान ए और हांगकांग की टीम शामिल हैं।

भारत ए अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगा। इसके बाद 22 नवंबर को उसका सामना पाकिस्तान ए से होगा। टीम ग्रुप चरण का अपना अंतिम मुकाबला 24 नवंबर को यूएई के खिलाफ खेलेगी।

भारत ए के तीनों ग्रुप मुकाबले दोहा में खेले जाएंगे। शुरुआती दो मैच वेस्ट एंड पार्क अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होंगे जबकि यूएई के खिलाफ मुकाबला यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी में खेला जाएगा।

दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीम सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। सेमीफाइनल 26 और 27 नवंबर को खेले जाएंगे जबकि फाइनल 29 नवंबर को होगा।

भारत ए टीम: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह, तिलक वर्मा (कप्तान), रजत पाटीदार, रिंकू सिंह, कुमार कुशाग्र, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विपराज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव और अरशद खान।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments