scorecardresearch
Tuesday, 17 November, 2026
होमरिपोर्टयूपी में 16 नवंबर से शुरू हुई स्वगणना, 1 दिसंबर से घर-घर जाकर होगी जनगणना: सीएम योगी

यूपी में 16 नवंबर से शुरू हुई स्वगणना, 1 दिसंबर से घर-घर जाकर होगी जनगणना: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना से मिलने वाले सही और प्रमाणिक आंकड़ों के आधार पर सरकार भविष्य की योजनाओं की ठोस रूपरेखा तैयार कर सकेगी. इससे प्रशासन को इन योजनाओं को जमीन पर प्रभावी तरीके से लागू करने में भी मदद मिलेगी.

Text Size:

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक लोग खुद अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करा सकेंगे. इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक जनगणना करने वाली टीमें घर-घर जाकर लोगों की गिनती करेंगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ के लोकभवन में जनगणना 2027 के तीसरे संस्करण का शुभारंभ किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि सही जनगणना से प्रदेश के विकास की योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहेगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना से मिलने वाले सही और प्रमाणिक आंकड़ों के आधार पर सरकार भविष्य की योजनाओं की ठोस रूपरेखा तैयार कर सकेगी. इससे प्रशासन को इन योजनाओं को जमीन पर प्रभावी तरीके से लागू करने में भी मदद मिलेगी.

उन्होंने कहा कि अभी तक प्रदेश की ज्यादातर विकास योजनाएं 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर बनाई जाती रही हैं. ऐसे में नई जनगणना के जरिए समाज के हर वर्ग की वास्तविक सामाजिक, आर्थिक और आबादी से जुड़ी स्थिति का पता लगाना जरूरी है.

सीएम योगी ने कहा कि जिसके पास सही आंकड़े होंगे, वह उतनी ही प्रभावी तरीके से योजनाएं बना और लागू कर सकेगा. उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है. भारत का हर छठा व्यक्ति यूपी में रहता है, जबकि दुनिया का हर 36वां व्यक्ति प्रदेश में रहता है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना में किसी व्यक्ति या समुदाय का छूट जाना गंभीर मामला है. उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश के मुसहर समाज का उदाहरण देते हुए कहा कि समाज का यह सबसे गरीब तबका लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहा.

उन्होंने कहा कि इस समुदाय के लोगों के पास पक्के मकान तो दूर, झोपड़ी बनाने के लिए जमीन का मालिकाना हक भी नहीं था. कई परिवारों के पास राशन कार्ड और दूसरी सरकारी सुविधाएं तक नहीं थीं. अगर पिछली जनगणनाओं में उनकी असली स्थिति सामने आई होती तो वे पहले ही सरकारी योजनाओं के पात्र बन सकते थे.

सीएम योगी ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें इस समुदाय के लिए अलग से योजना बनानी पड़ी और फिर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया. उन्होंने कहा कि जनगणना में किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूटने का मतलब है कि वह लंबे समय तक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकता है.

मुख्यमंत्री ने जनगणना के काम में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और विनम्रता के साथ काम करने की अपील की. उन्होंने कहा कि हर परिवार तक पहुंचकर सही जानकारी जुटाना जरूरी है. कोई भी व्यक्ति जनगणना से छूटना नहीं चाहिए.

उन्होंने खास तौर पर दूरदराज की बस्तियों, किरायेदारों, प्रवासी मजदूरों, अकेले रहने वाले लोगों, बुजुर्गों, घुमंतू जातियों और वंचित वर्गों तक पहुंचने के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना केवल सरकारी काम नहीं है, बल्कि विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत बनाने का राष्ट्रीय अभियान है. लोगों को उनकी जानकारी की गोपनीयता और जनगणना के महत्व के बारे में भी बताया जाना चाहिए.

सीएम योगी ने युवाओं से अपील की कि वे स्वगणना के दौरान अपने माता-पिता, बुजुर्गों और पड़ोसियों की ऑनलाइन जानकारी दर्ज कराने में मदद करें. उन्होंने कहा कि स्वगणना पूरी होने के बाद मिलने वाली आईडी को सुरक्षित रखें.

उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को जागरूक करने की अपील भी की. मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना में हर व्यक्ति की भागीदारी सुनिश्चित होने पर ही आने वाले दशक के लिए विकास की प्रभावी योजना तैयार की जा सकेगी.

इस दौरान वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधायक जय देवी समेत कई नेता और अधिकारी मौजूद रहे.

share & View comments