नई दिल्ली: बिलकिस बानो ने सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश पर हैरानी जताई है, जिसमें 28 अक्टूबर को 2002 में उनके साथ सामूहिक बलात्कार और उनके परिवार के 14 सदस्यों की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए 11 लोगों में से दो को जमानत दी गई थी. उन्होंने कहा कि दूसरी बार ऐसा हुआ है, जब सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें बिना जानकारी दिए और उनकी बात सुने बिना आदेश पारित किया है.
बिलकिस बानो ने सोमवार को अपने वकील और वरिष्ठ अधिवक्ता शोभा गुप्ता के जरिए जारी बयान में कहा कि उनके ये शब्द दर्द, हैरानी और यकीन न कर पाने की स्थिति में बह रहे नए आंसुओं के साथ सामने आ रहे हैं.
सुप्रीम कोर्ट की ओर से उन्हें नोटिस दिए बिना दोषियों को राहत देने के फैसले पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, “मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा कि एक बार फिर, दूसरी बार सुप्रीम कोर्ट ने मुझे बताए बिना और मेरी बात सुने बिना आदेश पारित कर दिया. मुझे इसकी जानकारी मीडिया में आई खबरों से मिली.”
बिलकिस बानो ने याद किया कि 2002 में गुजरात में हुई हिंसा के दौरान वह सिर्फ 19 साल की थीं. उस समय उनकी तीन साल की बेटी सालेहा और परिवार के कई सदस्यों की हत्या कर दी गई थी. उन्होंने कहा कि तब से वह न्याय के लिए 24 साल से लड़ रही हैं और इस लड़ाई में लाखों लोगों ने उनका साथ दिया है.
बयान में कहा गया, “उस दिन के बाद से 24 लंबे सालों तक मैंने अपने लिए और हर जगह की महिलाओं के लिए न्याय की लड़ाई लड़ी है. बार-बार और लगातार.”
बिलकिस बानो ने कहा कि अदालत में कई बार जीत मिलने के बाद उन्होंने धीरे-धीरे अपनी जिंदगी फिर से बनाई और न्यायपालिका पर उनका भरोसा लौटा. लेकिन सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश ने उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर पुराने डर फिर से जगा दिए हैं.
उन्होंने कहा, “लेकिन आज मुझे लग रहा है कि जिस न्याय को पाने के लिए मैंने इतनी मेहनत की, उसे फिर खो रही हूं. पुराने डर फिर लौट रहे हैं. मुझे एक बार फिर डर लग रहा है. अपने लिए, अपने परिवार और अपने बच्चों के लिए. मुझे यह डर भी है कि कहीं मेरा न्याय पर से भरोसा एक बार फिर न उठ जाए.”
सुनवाई की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा, “सुप्रीम कोर्ट उन लोगों की सजा आखिर कैसे रोक सकता है, जिन्होंने मेरे साथ यह सब किया? उन्होंने मुझे जानकारी तक क्यों नहीं दी? उन्होंने यह सुनिश्चित क्यों नहीं किया कि अदालत में मेरी बात सुनी जाए?”
बिलकिस बानो ने कहा कि वह जमानत के आदेश के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगी. उन्होंने कहा कि वह अपने बच्चों, अपनी बेटी सालेहा की याद और देश की सभी महिलाओं के लिए यह लड़ाई जारी रखेंगी.
उन्होंने कहा, “मैं इस आदेश के खिलाफ लड़ूंगी. मुझे ऐसा करना ही होगा. मैं यह अपने बच्चों के लिए कर रही हूं, जिन्हें जीवन भर इन डरों और जख्मों के साये में नहीं जीना चाहिए. मैं यह अपनी तीन साल की सालेहा के लिए कर रही हूं, जिसे जीने का हक था और जिसकी याद न्याय की मांग करती है. मैं यह हर जगह की महिलाओं के लिए कर रही हूं.”
उन्होंने आगे कहा, “किसी भी महिला, किसी भी पीड़ित या किसी भी नागरिक को अपनेपन और बराबरी के लिए इस तरह जिंदगी भर परीक्षा नहीं देनी चाहिए और पूरी जिंदगी न्याय के लिए नहीं लड़ना चाहिए.”
इससे पहले 16 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो सामूहिक बलात्कार और हत्या मामले में दो दोषियों को जमानत दे दी थी. अदालत ने उनकी उम्रकैद की सजा पर रोक लगाते हुए कहा था कि वे 17 साल से ज्यादा समय जेल में बिता चुके हैं और उनमें से एक गंभीर शारीरिक दिव्यांगता से पीड़ित है.
यह भी पढ़ें: बिलकिस बानो मामले में दो दोषियों को 17 साल बाद जमानत, सुप्रीम कोर्ट ने उम्रकैद की सज़ा पर लगाई रोक