लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर बुधवार को लखनऊ के GPO स्थित पटेल पार्क में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को संबोधित किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 25 साल की सार्वजनिक सेवा पूरी करने पर बधाई दी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया. मुख्यमंत्री योगी ने इस दौरान ‘जनसेवा से देशसेवा’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया.
लड़ाई फिर 80-20 पर आ गई है… pic.twitter.com/mTpdlf7w41
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 7, 2026
'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत आज लखनऊ में आयोजित सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन 'गांव से ग्लोबल' तक भारत की विकास यात्रा और हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन… pic.twitter.com/P7n3w3QEmg
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 7, 2026
मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव ने बता दिया है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का परिणाम क्या होने जा रहा है. उन्होंने कहा, “यह लड़ाई फिर 80-20 की हो गई है. 80 फीसदी NDA और 20 फीसदी PDA का हिस्सा है. PDA का क्या हाल होगा, यह बाद में पता चलेगा.”
CM योगी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में लगातार 25 साल पूरे होना हर भारतीय के लिए गौरव का दिन है. गुजरात के एक छोटे से गांव से निकलकर नरेंद्र मोदी आज देश का नेतृत्व कर रहे हैं. एक सामान्य कार्यकर्ता और स्वयंसेवक ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है.
उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली थी. उस समय गुजरात में भीषण आपदा के कारण स्थिति गंभीर थी. ऐसे समय में नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पद संभाला और गुजरात को मॉडल स्टेट के रूप में प्रस्तुत किया.
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा गांव से ग्लोबल तक की यात्रा है. इस यात्रा ने नागरिकों के जीवन में बदलाव और युवाओं में विश्वास पैदा किया है. उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुरक्षा, किसानों के जीवन में खुशहाली और युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाओं को मजबूत किया गया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 साल पहले भारत को आर्थिक रूप से कमजोर देशों में गिना जाता था, लेकिन अब भारत दुनिया की टॉप-5 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है. उन्होंने कहा कि पहले देश में कुछ हजार स्टार्टअप थे, जबकि अब ढाई लाख से ज्यादा स्टार्टअप हैं.
उन्होंने कहा कि मिशन रोजगार के तहत युवाओं के लिए नौकरी, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. युवाओं का आत्मविश्वास और प्रतिभा देश की ताकत है.
CM योगी ने कहा कि देश में अब कनेक्टिविटी का बेहतर नेटवर्क है. रेलवे में ब्रॉडगेज और इलेक्ट्रिफिकेशन के साथ ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर बनाए गए हैं. वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी ट्रेनों के जरिए रेलवे नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है.
उन्होंने कहा कि 1947 से 2014 तक देश में जितने एयरपोर्ट थे, आज उनकी संख्या करीब दोगुनी हो गई है. अब आम लोग भी हवाई यात्रा कर रहे हैं.
योगी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में एक जिला-एक माफिया की स्थिति थी, लेकिन अब ‘एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज’, ‘एक जिला-एक उत्पाद’ और स्थानीय व्यंजनों को बढ़ावा दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हुनरमंद कारीगरों और हस्तशिल्पियों को सम्मान मिल रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब जनधन खाते खोले जा रहे थे, तब कुछ लोग डिजिटल इंडिया का मजाक उड़ाते थे. लेकिन अब DBT के जरिए महिलाओं, किसानों, युवाओं, गरीबों और श्रमिकों समेत लाभार्थियों के खातों में सीधे पैसा पहुंच रहा है.
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने असंभव को संभव बनाया है. 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, रसोई गैस कनेक्शन, स्टार्टअप इकोसिस्टम और हाईवे-एक्सप्रेसवे का नेटवर्क इसका उदाहरण है.
उन्होंने कहा कि पहले भारत इलेक्ट्रॉनिक चिप के लिए दूसरे देशों पर निर्भर था, लेकिन अब देश में सेमीकंडक्टर के 12 से ज्यादा उद्योग सक्रिय हैं या उनमें निवेश हो रहा है. भारत चिप निर्यात के लिए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
CM योगी ने कहा कि भारत पहले रक्षा क्षेत्र में दूसरे देशों पर निर्भर था, लेकिन अब देश से हजारों करोड़ रुपये के डिफेंस उत्पाद दूसरे देशों को निर्यात किए जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि पहले देश में सिर्फ दिल्ली में AIIMS था. अटल बिहारी वाजपेयी के समय इसकी संख्या छह हुई और प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में यह संख्या 23 हो गई. IIT, IIM और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में भी युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में काम हुआ है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन के बाद वर्चुअली देशवासियों को ‘विकसित भारत-2047’ का सामूहिक संकल्प दिलाया. वहीं, लखनऊ में बीजेपी पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मशाल सौंपी. इसके बाद मुख्यमंत्री ने सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया.