नई दिल्ली: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भोपाल के लालघाटी स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने एक निशान, एक प्रधान और एक विधान की अवधारणा रखी थी. इसी दिशा में मध्यप्रदेश भी इसी महीने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की तैयारी कर रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश औद्योगिकीकरण, रोजगार और जनकल्याण के नए लक्ष्य हासिल कर रहा है. उन्होंने बताया कि सतगढ़ी में बड़े इंडस्ट्रियल पार्क का उद्घाटन किया जाएगा, जहां उद्योगों के साथ आवास, भोजन और रोजगार जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी. उन्होंने कहा कि भोपाल को आर्थिक राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है.
शहर में 10 से 15 हजार लोगों की क्षमता वाला नया कन्वेंशन सेंटर बनाया जाएगा, जबकि कुशाभाऊ ठाकरे सभागार के पास पांच हजार क्षमता का एक अन्य सेंटर भी विकसित होगा. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मध्यप्रदेश में देश की सबसे कम बेरोजगारी दर है और रक्षा उत्पादन सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश लगातार विकास की नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है.