लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पेपर लीक मामलों को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि पेपर लीक करने वाले नकल माफिया इन दलों की विरासत हैं और उन्हें “मिट्टी में मिला दिया जाएगा.”
शनिवार को फतेहपुर में ₹489 करोड़ से अधिक की 125 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के लिए “जेल या जहन्नुम” ही जगह है.
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 25, 2026
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून ला रही है. उनके अनुसार, नए कानून में दोषियों को कम से कम 10 साल की जेल और ₹10 करोड़ तक के जुर्माने का प्रावधान होगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि NEET पेपर लीक सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कराई, आरोपियों को गिरफ्तार किया और परीक्षा दोबारा कराई ताकि छात्रों का एक साल बर्बाद न हो. उन्होंने कहा कि दोषियों की संपत्तियां भी जब्त की जाएंगी.
योगी ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं के लिए कई अहम कदम उठाए हैं. उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप और स्टैंडअप योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे युवाओं को नए अवसर मिले हैं.
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया पर कार्रवाई के कारण ही 9 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां पारदर्शी तरीके से दी जा सकीं. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पहले प्रदेश में माफिया का दबदबा था, लेकिन अब कानून का राज स्थापित हुआ है.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, आवास की चाबियां, आयुष्मान कार्ड, चेक और अन्य सहायता सामग्री भी वितरित की.