देहरादून: उत्तराखंड के पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है. राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (SEIAA) ने इस परियोजना को पर्यावरण मंजूरी दे दी है. मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाले प्राधिकरण की मंजूरी के बाद अब एयरपोर्ट के विस्तार का काम आगे बढ़ सकेगा.
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की करीब 375.33 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत एयरपोर्ट के रनवे की लंबाई 1,372 मीटर से बढ़ाकर 3,000 मीटर की जाएगी. इससे यहां बड़े विमानों का संचालन हो सकेगा.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्यावरण मंजूरी का स्वागत करते हुए इसे कुमाऊं क्षेत्र के विकास के लिए एक अहम कदम बताया. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार से क्षेत्र में हवाई संपर्क बेहतर होगा. इससे पर्यटन, उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे. साथ ही, आपदा के समय राहत और बचाव के कामों में भी बेहतर हवाई सुविधाएं मिल सकेंगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के लिए किसी भी परिवार को अपना घर छोड़ना नहीं पड़ेगा और न ही किसी का पुनर्वास करना होगा. परियोजना का निर्माण पर्यावरण से जुड़े नियमों और मंजूरी की सभी शर्तों का पालन करते हुए किया जाएगा. राज्य सरकार केंद्र सरकार और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के साथ मिलकर इस काम को तय समय में पूरा करने की कोशिश करेगी.
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की इस परियोजना के तहत एयरपोर्ट के रनवे, टर्मिनल भवन, एप्रन, टैक्सीवे और दूसरी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा. रनवे की लंबाई 1,628 मीटर बढ़ाई जाएगी. इससे बड़े विमानों के संचालन के लिए जरूरी सुविधाएं तैयार हो सकेंगी.
एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल भी 937 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 9,437 वर्ग मीटर किया जाएगा. इसके लिए 8,500 वर्ग मीटर का नया भवन बनाया जाएगा. विमानों की पार्किंग के लिए जगह भी बढ़ाई जाएगी. अभी यहां दो विमानों की पार्किंग की सुविधा है, जिसे बढ़ाकर सात किया जाएगा. वहीं, टैक्सीवे और लिंक टैक्सीवे की संख्या भी एक-एक से बढ़ाकर दो-दो की जाएगी.
विस्तार के बाद एयरपोर्ट हर साल करीब 10.1 लाख यात्रियों को संभाल सकेगा. इससे कुमाऊं क्षेत्र में हवाई यात्रा करने वाले लोगों की बढ़ती संख्या और आने वाले समय की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी.
विस्तार के बाद पंतनगर एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल करीब 321.48 हेक्टेयर हो जाएगा. इसमें एयरपोर्ट की मौजूदा 109.017 हेक्टेयर जमीन और 212.46 हेक्टेयर अतिरिक्त गैर-वन भूमि शामिल होगी.
परियोजना के लिए समतल कृषि भूमि और खुली जमीन का इस्तेमाल किया जाएगा. इसके लिए किसी भी परिवार को वहां से हटाने या दूसरी जगह बसाने की जरूरत नहीं होगी.
परियोजना में पर्यावरण की सुरक्षा के लिए भी कई इंतजाम किए जाएंगे. एयरपोर्ट को करीब 1.6 मेगावाट बिजली की जरूरत होगी. वहीं, हर दिन 154 किलोलीटर पानी की जरूरत पड़ेगी.
एयरपोर्ट से हर दिन निकलने वाले करीब 136 किलोलीटर गंदे पानी को साफ करने के लिए 165 किलोलीटर प्रतिदिन क्षमता वाला सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा. साफ किए गए पानी का इस्तेमाल शौचालयों में फ्लश करने और बागवानी जैसे कामों में किया जाएगा.
इसके अलावा, 72 किलोवाट क्षमता का नया सौर ऊर्जा संयंत्र लगाया जाएगा. इससे एयरपोर्ट की कुल सौर ऊर्जा क्षमता 160 किलोवाट से बढ़कर 232 किलोवाट हो जाएगी. मौजूदा डीजल जनरेटर सेट के अलावा 1,010 केवीए क्षमता के तीन नए डीजल जनरेटर सेट भी लगाए जाएंगे.
एयरपोर्ट परिसर में अभी 48.19 हेक्टेयर हरित क्षेत्र है. इसके अलावा करीब पांच हेक्टेयर में नया हरित क्षेत्र विकसित करने की योजना है.