scorecardresearch
Friday, 5 June, 2026
होमरिपोर्टविश्व पर्यावरण दिवस पर सीएम मोहन यादव ने शुरू किया ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान

विश्व पर्यावरण दिवस पर सीएम मोहन यादव ने शुरू किया ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान

मुख्यमंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेश और देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 5 जून से 21 जून तक वृक्षारोपण पखवाड़ा चलाया जाएगा.

Text Size:

भोपाल: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान की शुरुआत की.

इस दौरान मुख्यमंत्री ने पौधारोपण किया और राज्य में पर्यावरण संरक्षण तथा जल संवर्धन के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और उल्लेखनीय कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया.

मुख्यमंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेश और देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 5 जून से 21 जून तक वृक्षारोपण पखवाड़ा चलाया जाएगा.

उन्होंने कहा, “विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रदेश और देशवासियों को मेरी शुभकामनाएं. 5 जून से 21 जून तक बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीन पर उतारने का यह महत्वपूर्ण निर्णय है.”

मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता विशेष रूप से मध्य प्रदेश में दिखाई देती है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आशीर्वाद से ‘प्रोजेक्ट चीता’ सफल हुआ है और समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए विभिन्न क्षेत्रों में लगातार काम किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री ने यह भी कामना की कि प्रधानमंत्री मोदी 2029 के बाद भी इसी तरह देश की सेवा करते रहें और बाबा महाकाल उन्हें सफलता प्रदान करें.

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, कार्यक्रम का आयोजन भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में किया गया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सर्कुलर इकोनॉमी से जुड़े पांच पाठ्यक्रम मॉड्यूल और ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत 16 जिलों की 500 बावड़ियों के दस्तावेजीकरण से संबंधित अभिलेखों का भी विमोचन किया.

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले औद्योगिक इकाइयों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और व्यक्तियों को वार्षिक पर्यावरण पुरस्कारों से सम्मानित किया गया.

share & View comments