देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि राज्य ‘इकोलॉजी और इकोनॉमी’ (पर्यावरण और अर्थव्यवस्था) के संतुलन के मंत्र के साथ विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है.
मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल हमारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला भी है.
उन्होंने कहा, “विश्व पर्यावरण दिवस की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं. प्रकृति का संरक्षण न केवल हमारा दायित्व है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार भी है. हमारी सरकार ‘इकोलॉजी और इकोनॉमी’ के सामंजस्य के मंत्र के साथ विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रही है.”
धामी ने कहा कि इसी सोच के अनुरूप उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है, जिसने ग्रॉस एनवायरमेंट प्रोडक्ट (जीईपी) को लागू किया है. इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास दोनों को एक साथ आगे बढ़ाया जा रहा है.
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी विश्व पर्यावरण दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रहे लोगों की सराहना की.
प्रधानमंत्री ने कहा, “विश्व पर्यावरण दिवस की सभी को शुभकामनाएं. मैं पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित सभी लोगों की सराहना करता हूं. यह दिन पर्यावरण की रक्षा और सतत विकास के प्रति हमारे संकल्प को मजबूत करने का अवसर है.”