भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नीमच जिले के कुकड़ेश्वर की रहने वाली नेहा माली को उसके पिता की संपत्ति में पूरा हक दिलाया जाएगा. मुख्यमंत्री ने बुधवार को नेहा से मुलाकात की और उसे एक लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की.
मुख्यमंत्री ने इंस्टाग्राम पर कहा कि नेहा ने अपने रिश्तेदारों पर पिता की संपत्ति पर अवैध रूप से कब्जा करने और उसे परेशान करने का आरोप लगाया है. इस शिकायत की जांच कराई जाएगी और नेहा को उसका वाजिब हक दिलाया जाएगा.
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नेहा से मुलाकात कर उसे भरोसा दिलाया कि उसे न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने उसे ढांढस भी बंधाया और एक लाख रुपये की मदद देने की घोषणा की.
दरअसल, मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नीमच जिले के मनासा दौरे के दौरान नेहा माली से जुड़ा यह मामला सामने आया था. नेहा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात में बताया था कि उसके पिता की मौत के बाद सगे रिश्तेदार उसे और उसकी छोटी बहन को परेशान कर रहे हैं. वे दोनों को उनके पुश्तैनी मकान से निकालने की कोशिश कर रहे हैं.
नेहा ने बताया कि उसने इस मामले में पुलिस को भी शिकायत दी थी, लेकिन अब तक उसे कोई राहत नहीं मिली है.