scorecardresearch
Wednesday, 17 June, 2026
होमरिपोर्टमोहर्रम पर शक्ति प्रदर्शन नहीं, NEET अभ्यर्थियों को बस किराये में 50% छूट: योगी

मोहर्रम पर शक्ति प्रदर्शन नहीं, NEET अभ्यर्थियों को बस किराये में 50% छूट: योगी

 मोहर्रम जुलूसों में अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन पर रोक, योग दिवस और नीट परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा

Text Size:

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी मोहर्रम को लेकर सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि यह मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं. उन्होंने स्पष्ट किया कि मोहर्रम जुलूसों में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन, नई परंपरा की शुरुआत और कानफोड़ू डीजे, ढोल-ताशों के अनियंत्रित उपयोग की अनुमति नहीं दी जाएगी. कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं.

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था, मोहर्रम, नीट परीक्षा और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को सतर्क रहने को कहा. उन्होंने ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने और 10 से 12 फीट से अधिक ऊंची ताजियों की अनुमति न देने के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में प्रवेश पत्र दिखाने पर किराये में 50 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की. साथ ही बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए अस्थायी आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए.

योग दिवस की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने सभी ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, अमृत सरोवरों और ऐतिहासिक स्थलों पर व्यापक योग कार्यक्रम आयोजित करने तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया.

share & View comments