नई दिल्ली: मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस विभाग में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी भर्ती प्रक्रिया फिर शुरू करने का फैसला किया है. इसके लिए गृह विभाग ने ‘मध्यप्रदेश पुलिस (उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्ति) नियम, 2021’ में महत्वपूर्ण संशोधन किए हैं. संशोधित नियमों की अधिसूचना 15 जून को जारी कर दी गई है.
नए प्रावधानों के तहत खिलाड़ियों को अब सरकारी नौकरी के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा. मध्यप्रदेश पुलिस में 10 उप निरीक्षक और 50 आरक्षक पदों पर सीधी भर्ती का अवसर मिलेगा. सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने के साथ खेल प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धी तैयारी को भी बढ़ावा देना है.
संशोधित नियमों के अनुसार पुलिस मुख्यालय हर साल खेल कोटे से भर्ती का विज्ञापन जारी करेगा. ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, विश्व कप और विश्व चैंपियनशिप में भाग लेने वाले खिलाड़ी भी भर्ती के पात्र होंगे. उत्कृष्ट खिलाड़ियों को निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, ऊंचाई संबंधी मापदंड, लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) से छूट दी जाएगी.
उप निरीक्षक पद के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी या पदक हासिल करने वाले खिलाड़ी पात्र होंगे. वहीं राष्ट्रीय खेलों और अधिकृत राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ी आरक्षक पद के लिए आवेदन कर सकेंगे. सरकार की इस पहल को राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.