जबलपुर: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि राज्य सरकार जबलपुर एयरपोर्ट का नाम वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर रखने की सिफारिश केंद्र सरकार को भेजेगी. इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को औपचारिक प्रस्ताव भेजा जाएगा.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह घोषणा जबलपुर में रानी दुर्गावती की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान की.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार रानी दुर्गावती की विरासत को सम्मान देने के लिए विभिन्न पहल कर रही है. उनकी स्मृति में जबलपुर और सिंग्रामपुर जैसे स्थानों पर कैबिनेट बैठकों का आयोजन किया गया है. साथ ही, क्षेत्र में होने वाले नए विकास कार्यों और एक प्रमुख फ्लाईओवर का नाम भी रानी दुर्गावती के नाम पर रखा गया है.
सीएम ने कहा कि सभी की इच्छा है कि जबलपुर एयरपोर्ट का नाम भी रानी दुर्गावती के नाम पर हो, ताकि यहां आने वाले लोगों को उनके अद्वितीय योगदान की याद दिलाई जा सके. इसी उद्देश्य से राज्य सरकार केंद्र को प्रस्ताव भेजेगी.
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि जबलपुर के मदन महल के पास रानी दुर्गावती को समर्पित एक संस्थान का निर्माण लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है. इसका उद्घाटन जल्द किया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी को उनके जीवन और योगदान के बारे में जानकारी मिल सकेगी.
उन्होंने यह भी बताया कि जबलपुर में रानी दुर्गावती के नाम पर एक चिड़ियाघर और वन्यजीव बचाव केंद्र विकसित किया जा रहा है. इसके अलावा, मंडला में 35वीं बटालियन का नाम भी रानी दुर्गावती के नाम पर रखा गया है. राज्य सरकार ने कहा कि ये सभी कदम उनकी वीरता और बलिदान को सम्मान देने के लिए उठाए जा रहे हैं.