गोपेश्वर: चमोली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला का बयान चर्चा का विषय बन गया. बदरीनाथ से कांग्रेस विधायक बुटोला ने मंच से मुख्यमंत्री की खुलकर तारीफ करते हुए कहा कि उनकी विधानसभा में सबसे ज्यादा विकास कार्य हुए हैं और इसके लिए वह मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हैं.
‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में बुटोला ने कहा कि अक्सर यह आरोप लगाया जाता है कि विपक्ष के विधायकों के साथ भेदभाव होता है, लेकिन उनकी विधानसभा में ऐसा नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा में सबसे ज्यादा विकास कार्य हुए हैं और इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया.
कांग्रेस विधायक का यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रदेश में विकास कार्यों को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच लगातार सियासी बयानबाजी चल रही है. ऐसे में सार्वजनिक मंच से मुख्यमंत्री की तारीफ को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है.
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. सुबह से ही आसपास के इलाकों से लोग गोपेश्वर के पुलिस मैदान पहुंचने लगे थे. मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान मैदान लोगों से भरा नजर आया.
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने चमोली जिले के लिए 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास योजनाओं की सौगात दी. इनमें 113.99 करोड़ रुपये की 36 योजनाओं का शिलान्यास और 41.37 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है. इन योजनाओं में सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन और खेल से जुड़ी कई परियोजनाएं शामिल हैं.
कार्यक्रम के बाद कांग्रेस विधायक के बयान और सभा में उमड़ी भीड़ को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है. माना जा रहा है कि विकास को लेकर दिया गया यह बयान आने वाले दिनों में उत्तराखंड की राजनीति में चर्चा का विषय बना रह सकता है.