नई दिल्ली: मध्य प्रदेश सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर मूंग खरीद का दायरा बढ़ाने और खाद वितरण की ई-टोकन व्यवस्था फिलहाल स्थगित करने का फैसला किया है. कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा गठित मंत्री समूह की किसान संगठनों के साथ हुई बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए.
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रदेश के लिए 4.52 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीद का लक्ष्य तय किया था. पहले प्रत्येक पात्र किसान से उसकी उपज का 25 प्रतिशत MSP पर खरीदा जाना था. अब राज्य सरकार ने किसानों के हित में यह सीमा बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दी है. नर्मदापुरम, सीहोर और हरदा जैसे जिलों में यह लगभग तीन क्विंटल प्रति एकड़ के बराबर होगी.
सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 30 जुलाई से बढ़ाकर 10 अगस्त कर दी है. वहीं, उपार्जन की अंतिम तिथि 10 अगस्त से बढ़ाकर 20 अगस्त कर दी गई है.
कृषि मंत्री ने बताया कि खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों को देखते हुए इसकी समीक्षा के लिए कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति बनाई गई है. समिति की सिफारिशें आने तक ई-टोकन व्यवस्था तत्काल प्रभाव से स्थगित रहेगी.