scorecardresearch
Monday, 15 June, 2026
होमरिपोर्टनोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल उड़ान रवाना, जेवर के किसानों को लेकर लखनऊ पहुंचा विमान

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल उड़ान रवाना, जेवर के किसानों को लेकर लखनऊ पहुंचा विमान

एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले 170 किसान पहली फ्लाइट के यात्री बने, लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से करेंगे मुलाकात.

Text Size:

जेवर (उत्तर प्रदेश): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को पहली वाणिज्यिक उड़ान लखनऊ के लिए रवाना हुई. इसके साथ ही नव-उद्घाटित एयरपोर्ट से नियमित व्यावसायिक उड़ान सेवाओं की औपचारिक शुरुआत हो गई.

इस ऐतिहासिक उड़ान में जेवर क्षेत्र के उन किसानों का विशेष प्रतिनिधिमंडल सवार था, जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन दी थी. ये किसान लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह कर रहे हैं.

इससे पहले केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने एयरपोर्ट से पहली वाणिज्यिक उड़ान में यात्रा करने वाले किसानों और उनके परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने एयरपोर्ट निर्माण और क्षेत्र को एक प्रमुख विमानन केंद्र बनाने में किसानों के योगदान की सराहना की.

व्यावसायिक उड़ानों के शुभारंभ के बाद आयोजित कार्यक्रम में नायडू ने कहा, “इस एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसान इसकी पहली उड़ान से लखनऊ जा रहे हैं, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उनकी विशेष बैठक आयोजित की गई है. यह एयरपोर्ट घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह के परिचालन का प्रमुख केंद्र बनेगा. पूरा होने के बाद जेवर एयरपोर्ट एशिया के सबसे बड़े हवाई अड्डों में शामिल होगा.”

उन्होंने एयरपोर्ट की विस्तार योजना की जानकारी देते हुए कहा कि शुरुआत में इसकी क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों की होगी. क्षमता पूरी होने पर टर्मिनल का विस्तार किया जाएगा और चौथे चरण तक इसे बढ़ाकर 7 करोड़ यात्रियों प्रतिवर्ष तक पहुंचाने का लक्ष्य है.

नायडू ने कहा, “आज बेहद खुशी और ऐतिहासिक उपलब्धि का दिन है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में इस परियोजना के लिए जमीन देने वाले 170 किसानों को पहली उड़ान से लखनऊ भेजने की विशेष व्यवस्था की गई है. उनसे विशेष बातचीत भी की गई है.”

उन्होंने बताया कि लखनऊ के अलावा बेंगलुरु समेत अन्य गंतव्यों के लिए भी उड़ानें शुरू हो रही हैं. कुल चार गंतव्यों के लिए आज से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से परिचालन शुरू हुआ है. उन्होंने कहा कि लंबे इंतजार के बाद शुरू हुआ यह एयरपोर्ट भविष्य में देश के शीर्ष पांच हवाई अड्डों में शामिल होने की क्षमता रखता है.

share & View comments