नई दिल्ली: देश की प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल-टेक कंपनी EaseMyTrip ने झारखंड सरकार के पर्यटन विभाग के साथ राज्य के पर्यटन को डिजिटल माध्यम से बढ़ावा देने के लिए एक समझौता (MoU) किया है. इसका उद्देश्य झारखंड के पर्यटन स्थलों को देशभर के यात्रियों तक पहुंचाना और उनकी पहचान बढ़ाना है.
यह समझौता नई दिल्ली में आयोजित झारखंड पर्यटन स्टेकहोल्डर्स समिट के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य के पर्यटन, कला, संस्कृति एवं खेल मंत्री सुदिव्य कुमार की मौजूदगी में हुआ.
राज्य सरकार की ओर से पर्यटन विभाग के सचिव मुकेश कुमार और EaseMyTrip के प्रतिनिधियों ने समझौते पर हस्ताक्षर किए.
इस साझेदारी के तहत EaseMyTrip अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म, तकनीक और EasyDarshan सेवा के जरिए झारखंड के पर्यटन स्थलों का प्रचार करेगा. इसमें बाबा बैद्यनाथ धाम, अन्य प्रमुख मंदिर, झरने, जंगल, इको-टूरिज्म, कृषि पर्यटन और राज्य की सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता से दिखाया जाएगा.
कंपनी एक विशेष डिजिटल अभियान भी चलाएगी, जिसमें कोई सोलो ट्रैवलर या इन्फ्लुएंसर झारखंड की यात्रा करेगा. इस अभियान में राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, एडवेंचर, कोयला खदानें, पहाड़ियां, झरने, झीलें और आदिवासी संस्कृति को वीडियो और अन्य डिजिटल माध्यमों से पेश किया जाएगा.
झारखंड पर्यटन के प्रचार के लिए बैनर, वीडियो और अन्य डिजिटल सामग्री तैयार की जाएगी. इसके अलावा राज्य के स्थानीय त्योहारों, पर्यटन सर्किट और सांस्कृतिक विशेषताओं को भी EaseMyTrip के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जगह दी जाएगी.
पर्यटन विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करना चाहती है और EaseMyTrip के साथ यह साझेदारी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
वहीं, EaseMyTrip के CEO और सह-संस्थापक रिकांत पिट्टी ने कहा कि देश में घरेलू पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है. इस साझेदारी के जरिए कंपनी झारखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को देशभर के लाखों यात्रियों तक पहुंचाने का काम करेगी.
कंपनी ने कहा कि यह साझेदारी तकनीक और डिजिटल माध्यम के जरिए भारत में घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने और देश के अलग-अलग पर्यटन स्थलों को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की उसकी व्यापक योजना का हिस्सा है.