भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने काफिले में इलेक्ट्रिक वाहन (EV) शामिल कर एक नई पहल की है. इसके साथ ही वे देश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बन गए हैं, जिन्होंने अपने आधिकारिक काफिले में इलेक्ट्रिक कार को जगह दी है. मुख्यमंत्री ने मंगलवार को महिंद्रा की XEV 9e इलेक्ट्रिक कार को अपने काफिले में शामिल किया.
कंपनी के अनुसार यह कार एक बार चार्ज होने पर करीब 500 किलोमीटर तक चल सकती है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसी इलेक्ट्रिक वाहन से मुख्यमंत्री निवास से स्टेट हैंगर, भोपाल तक पहुंचे.
मुख्यमंत्री की नई कार का रजिस्ट्रेशन नंबर MP-02-VB-2047 है. माना जा रहा है कि इसमें VB का अर्थ ‘विकसित भारत’ है, जबकि 2047 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य का प्रतीक है. कार में 360 डिग्री कैमरा समेत कई आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं. इस वाहन के उपयोग के जरिए मुख्यमंत्री पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा का संदेश देना चाहते हैं. वाहन चलाने वाले ड्राइवरों को इसके लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर्यावरण संरक्षण और सौर ऊर्जा को लेकर लगातार सक्रिय रहे हैं. राज्य में हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए वे विभिन्न योजनाओं पर काम कर रहे हैं. हाल ही में उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर गिद्धों और मगरमच्छों को प्राकृतिक आवास में छोड़े जाने की पहल भी की थी.
मुख्यमंत्री का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण के बिना विकास अधूरा है और सौर ऊर्जा जैसे वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत भविष्य के विकास का आधार बन सकते हैं.
डॉ. मोहन यादव अपने दौरों के दौरान सादगी और मितव्ययता को भी बढ़ावा देते रहे हैं. हाल ही में इंदौर दौरे के दौरान उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ टेम्पो ट्रैवलर बस में सफर किया था. इससे पहले सिंगरौली में भी वे टूरिस्ट बस से कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे.
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या भी पहले की तुलना में कम कर दी है. उनकी नई इलेक्ट्रिक कार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा बचत, पर्यावरण संरक्षण और मितव्ययता की सोच से जोड़कर देखा जा रहा है.