खंडवा: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस पर धार्मिक आधार पर देश का विभाजन कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने सभी नागरिकों पर समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में कदम उठाया है.
विधानसभा ने 21 जुलाई को कांग्रेस के भारी हंगामे के बीच ‘मध्यप्रदेश समान नागरिक संहिता विधेयक 2026’ को ध्वनिमत से मंजूरी दी थी.
यादव ने खंडवा में ‘बलराम कृषि महोत्सव’ को संबोधित करते हुए कहा,‘‘देश के बंटवारे का पाप अगर किसी के सिर पर है, तो कांग्रेस के सिर पर है.’’
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भारत की आजादी से पहले खिलाफत आंदोलन का समर्थन किया और हिंदू-मुस्लिम विभाजन की राजनीति की जिसका परिणाम देश के बंटवारे के रूप में सामने आया.
यादव ने कहा कि उनकी सरकार ने समान नागरिक संहिता विधेयक पारित करके ‘एक देश, एक निशान, एक प्रधान और एक विधान’ की अवधारणा को आगे बढ़ाया है.
उन्होंने दावा किया कि समान नागरिक संहिता पर राज्य के नागरिकों के सुझाव लिए जाने के दौरान 76 प्रतिशत मुस्लिम महिलाओं ने संहिता का समर्थन किया.
कार्यक्रम के दौरान यादव ने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 82 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 3,300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की.
उन्होंने स्थानीय जन प्रतिनिधियों की लंबे समय से चली आ रही मांग स्वीकार करते हुए खंडवा में पुलिस बटालियन स्थापित करने की घोषणा भी की.
मुख्यमंत्री ने एक अन्य स्थानीय मांग स्वीकार करते हुए कहा कि खंडवा एवं मूंदी के बीच सड़क निर्माण के लिए 15 सितंबर से पहले निविदा जारी कर दी जाएगी.