मेरठ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावण मास की दशमी तिथि पर भोलेनाथ के भक्तों पर श्रद्धा के फूल बरसाए. गोरक्षपीठाधीश्वर के साथ रामायण सीरियल में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले मेरठ के सांसद अरुण गोविल समेत सभी जनप्रतिनिधियों ने भी शिवभक्त कांवड़ यात्रियों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर उनकी आस्था का सम्मान किया. इसके साथ ही पूरे कांवड़ मार्ग पर हेलिकॉप्टर से भी शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की गई. इस दौरान कांवड़ यात्रियों के ‘हर-हर, बम-बम’ के उद्घोष से पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश गूंज उठा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को भक्ति, समर्पण, सामाजिक और राष्ट्रीय एकता व समरसता का अनुपम उदाहरण बताया. उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से सभी शिवभक्त कांवड़ यात्रियों का स्वागत और अभिनंदन किया.
आयोजन स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का अवलोकन किया. उन्होंने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से आए भोलेनाथ के भक्तों की श्रद्धा को नमन किया और प्रशासनिक अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की नियमित सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं की उचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा अपने चरम की ओर बढ़ रही है. शिवभक्त कांवड़ यात्री हरिद्वार की हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर पवित्र शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. इस यात्रा से लाखों शिवभक्त जुड़े हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच चार से साढ़े चार करोड़ शिवभक्त सावन की शिवरात्रि तक इस कांवड़ यात्रा में शामिल होकर गंगाजल लेकर पवित्र शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे.
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुजफ्फरनगर के शिवचौक पर भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है. उन्होंने कहा कि मेरठ में उन्हें जनप्रतिनिधियों के साथ कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा करने का अवसर मिला. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ के बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद के बाबा दूधेश्वर नाथ मंदिर और बागपत के पुरा महादेव मंदिर के साथ ही दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के लाखों शिवभक्त श्रद्धा और उत्साह के साथ कांवड़ यात्रा का हिस्सा बने हैं.
सीएम योगी ने कहा कि सरकार पूरी तत्परता से कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सुरक्षा के लिए तैयार है. देवाधिदेव महादेव के प्रति श्रद्धा के साथ सैकड़ों किलोमीटर पैदल यात्रा कर रहे शिवभक्त भक्ति, समर्पण, सामाजिक और राष्ट्रीय एकता व समरसता का जीवंत उदाहरण पेश कर रहे हैं. जात-पात, क्षेत्र और प्रांत की सीमाओं से ऊपर उठकर उनकी हर सांस शिव के नाम है.
सीएम ने कहा कि पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल है. प्रशासन ने पूरी मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था की है. जिला प्रशासन, सेक्टर मजिस्ट्रेट, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, पुलिसकर्मी, जोन, रेंज, जनपद और थाना स्तर के अधिकारियों के साथ तमाम पुलिस अधिकारी भी श्रद्धाभाव से इस अभियान का हिस्सा बनकर सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं. समाजसेवी और धर्मार्थ संगठन जगह-जगह शिविर लगाकर कांवड़ यात्रियों की सुविधाओं और उनकी श्रद्धा का ध्यान रख रहे हैं. सीएम ने इन सभी संगठनों का भी धन्यवाद किया.
इस दौरान मेरठ के सांसद अरुण गोविल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश सरकार के मंत्री सोमेंद्र तोमर और दिनेश खटीक, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधान परिषद सदस्य अश्विनी त्यागी, पूर्व विधायक संगीत सोम और बीजेपी नेता सुनील भराला समेत कई लोग मौजूद रहे.