scorecardresearch
Saturday, 8 August, 2026
होमरिपोर्टजन भवन से निकली साइकिल रैली, नशे के खिलाफ जागरूकता का दिया संदेश

जन भवन से निकली साइकिल रैली, नशे के खिलाफ जागरूकता का दिया संदेश

‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत करीब 150 कार्मिकों ने लिया हिस्सा, युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए किया प्रेरित.

Text Size:

लखनऊ: नशे के खिलाफ जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के लिए योगी सरकार की मुहिम में सरकारी तंत्र के साथ आम लोगों की भागीदारी भी बढ़ रही है. इसी क्रम में शनिवार को जन भवन से ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत साइकिल रैली निकाली गई. रैली में जन भवन के करीब 150 कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. इसका उद्देश्य समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना रहा.

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के निर्देशन में साइकिल रैली जन भवन से रवाना हुई और लखनऊ के विभिन्न वार्डों से होते हुए वापस जन भवन पहुंचकर समाप्त हुई. इस दौरान प्रतिभागियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया. रैली के अलग-अलग पड़ावों पर लोगों को नशे के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया गया.

योगी सरकार के कार्यकाल में नशे के खिलाफ जागरूकता को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय इसे सामाजिक भागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है. साइकिल रैली इसी सोच का उदाहरण बनी. जन भवन के कार्मिकों ने खुद सड़क पर उतरकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया.

रैली के विभिन्न इलाकों से गुजरने के दौरान बड़ी संख्या में लोगों का ध्यान आकर्षित हुआ और नशामुक्त समाज के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया. अभियान के जरिए खास तौर पर युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने, परिवारों को जागरूक करने और समाज में सकारात्मक माहौल बनाने पर जोर दिया गया.

राज्य मद्यनिषेध अधिकारी आर.एल. राजवंशी ने कहा कि ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है. उन्होंने कहा कि साइकिल रैली के जरिए आम लोगों तक यह संदेश पहुंचाया गया कि स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है.

इस दौरान राज्यपाल के विशेष कार्य अधिकारी सुधीर एम. बोबड़े, पार्षद नागेंद्र चौहान, पार्षद अमित चौधरी समेत उत्तर प्रदेश के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

share & View comments