नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में बाबा काल भैरव मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की. इस दौरान उन्होंने श्रावण मास की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री सबसे पहले ‘काशी कोतवाल’ बाबा काल भैरव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना और आरती कर आशीर्वाद लिया. इसके बाद वह श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे और गर्भगृह में षोडशोपचार विधि से बाबा विश्वनाथ का पूजन किया. मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ उनका स्वागत किया.
श्रावण मास की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सावन में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन, सुरक्षा, स्वच्छता और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो.
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद बच्चों को चॉकलेट वितरित की और उन्हें स्नेहपूर्वक दुलार किया. इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्यसभा सांसद तरुण चुग और राज्यमंत्री असीम अरुण सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.