भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में प्रमुख निवेशकों और उद्योगपतियों से मुलाकात कर उन्हें मध्यप्रदेश में उद्योग लगाने के लिए आमंत्रित किया. उन्होंने राज्य सरकार की निवेश प्रोत्साहन नीतियों और औद्योगिक विकास की संभावनाओं की जानकारी दी. साथ ही, उद्योगपतियों को भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) 2027 में शामिल होने का न्योता दिया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की 25 सरल निवेश नीतियां अलग-अलग क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा दे रही हैं. धार में पीएम मित्र पार्क, ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग इकाई और जबलपुर-इंदौर औद्योगिक कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं से प्रदेश में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा.
डॉ. यादव ने टेक्सटाइल, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, इंजीनियरिंग, पर्यटन, होटल, अधोसंरचना और अक्षय ऊर्जा क्षेत्र के उद्योगपतियों से वन-टू-वन चर्चा की. उन्होंने उज्जैन, इंदौर और ओंकारेश्वर में पर्यटन सुविधाओं और होटल उद्योग में निवेश की संभावनाओं पर भी बात की.
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2025 में भोपाल में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे, जिनमें से एक-तिहाई प्रस्तावों पर काम शुरू हो चुका है.
विजयवाड़ा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री की अभिनेता विजय देवरकोंडा और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना से भी मुलाकात हुई. उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश फिल्म शूटिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है. डॉ. यादव ने आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और आंध्र प्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री फेडरेशन के अध्यक्ष पोतलूरी भास्कर राव से भी मुलाकात की.