कोलकाता: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि ने रविवार को उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के बाद अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की. लोक भवन के मुताबिक, उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य और इलाज की जानकारी ली. इस हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया.
राज्यपाल ने घायलों के जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की. सोशल मीडिया मंच एक्स पर उन्होंने लिखा, “कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की दुखद घटना में कई कीमती जानें जाने से मेरा दिल टूट गया है. दुख की इस घड़ी में मैं मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.”
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी कोलकाता के अपोलो अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की.
शाह ने हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए भगदड़ को बेहद दुखद बताया. उन्होंने कहा कि इस मामले में उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से बात कर स्थिति की जानकारी ली है.
शाह ने एक्स पर लिखा, “मुझे अभी चोरबागान सार्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के बाद कई लोगों की मौत की बेहद दुखद खबर मिली है. मैंने इस मामले में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से बात की है. मैं इस दुखद हादसे में जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं.”
गृह मंत्री ने कहा कि प्रशासन घायलों को सबसे अच्छा इलाज देने की व्यवस्था कर रहा है. उन्होंने बताया कि हादसे को देखते हुए उन्होंने पश्चिम बंगाल में सोमवार के लिए तय अपने सभी कार्यक्रम टाल दिए हैं, ताकि अस्पताल जाकर घायलों से मिल सकें. उन्होंने एक्स पर लिखा, “मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करता हूं कि सभी घायल जल्द स्वस्थ हो जाएं.”
हादसे के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोलकाता पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 के तहत शहर के कुछ इलाकों में 18 से 20 अक्टूबर तक तीन दिनों के लिए प्रतिबंध लागू कर दिए हैं.
कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद के आदेश के मुताबिक, ये प्रतिबंध बोबाजार पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र वाले उन इलाकों में लागू हैं, जो कॉलेज स्ट्रीट, सेंट्रल एवेन्यू (सीआर एवेन्यू), कूलूटोला स्ट्रीट और ईडन अस्पताल रोड से घिरे हैं.
इस बीच, कोलकाता पुलिस ने भगदड़ के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों में पूजा समिति के सचिव राज कुमार सेवड़ा उर्फ राजा (48), समिति के उपाध्यक्ष शांतनु दुबे (55) और बांस का ढांचा बनाने के काम में लगे बिप्लब मुखर्जी उर्फ जॉय (48) शामिल हैं.