देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ‘विकसित उत्तराखंड–यात्रा जारी है’ कार्यक्रम में उद्यमियों, किसानों, नवाचारकर्ताओं और स्वरोजगार से जुड़े लोगों से संवाद किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले पांच वर्षों में स्टार्टअप की संख्या करीब 700 से बढ़कर 1,700 से अधिक हो गई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन, ऊर्जा, कृषि और स्वरोजगार के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं. युवाओं की प्रतिभा और नए प्रयोग राज्य के विकास को गति दे रहे हैं. सरकार स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और युवाओं को रोजगार के अवसर देने के लिए काम कर रही है.
कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे लोगों ने अपने अनुभव साझा किए. चंपावत के राहुल नरियाल ने सौर ऊर्जा और बैटरी से चलने वाली कार बनाने की जानकारी दी, जबकि उत्तरकाशी के जयप्रकाश ने डेयरी कारोबार की सफलता बताई. ऊधमसिंह नगर के विकास कुमार शाह ने बताया कि उनका स्टार्टअप 10 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार तक पहुंच चुका है.
इसके अलावा, चमोली में हर्बल उत्पादों और औषधीय पौधों की खेती, पौड़ी में गुच्छी मशरूम उत्पादन, नैनीताल में टायर मरम्मत और मोटे अनाज से बने उत्पादों के कारोबार से जुड़े लोगों ने भी अपने अनुभव साझा किए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय संसाधनों, उत्पादों और युवाओं की प्रतिभा से रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं. सरकार का लक्ष्य युवाओं को उद्यमिता और स्वरोजगार के बेहतर अवसर देना है, ताकि वे अपने साथ दूसरों के लिए भी रोजगार पैदा कर सकें.