करनाल: हरियाणा के करनाल जिले में जम्मू-कश्मीर जा रही एक बस पर हमला किया गया. जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने रविवार को बताया कि उसने इस घटना को लेकर हरियाणा सरकार से बात की है और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है.
यह बस दिल्ली से यात्रियों को लेकर श्रीनगर जा रही थी. करनाल से आगे हरियाणा के नीलोखेड़ी में खाना खाने के लिए रुकने पर कुछ लोगों ने बस पर हमला कर दिया. बस के ड्राइवर के मुताबिक, हमलावरों ने बस का शीशा तोड़ दिया. बस अब जम्मू पहुंच चुकी है और श्रीनगर की ओर जा रही है.
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “मुख्यमंत्री कार्यालय ने जम्मू-कश्मीर जा रही बस से जुड़ी दुर्भाग्यपूर्ण घटना को हरियाणा सरकार के सामने उठाया है. इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा और उनकी सलामती को लेकर चिंता जताई गई है.”
This unfortunate incident should never have taken place. I hope the Haryana government lead by @NayabSainiBJP ji & @police_haryana catch the culprits & take action to ensure these things don’t happen again. https://t.co/7syQ37P2oP
— Omar Abdullah (@OmarAbdullah) October 18, 2026
CMO ने आगे कहा, “हरियाणा प्रशासन ने कानून के मुताबिक जल्द और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है. जम्मू-कश्मीर सरकार प्रभावित यात्रियों के साथ खड़ी है और स्थिति पर लगातार नजर रख रही है.”
ड्राइवर ने क्या बताया
ड्राइवर ने घटना के बारे में बताते हुए कहा, “मैं दिल्ली से श्रीनगर जा रहा था. करनाल से आगे हरियाणा के नीलोखेड़ी में होटल डिवाइन स्टार पर हम रात का खाना खाने के लिए रुके थे. वहां पार्किंग में हरियाणा नंबर की एक कार में कुछ युवक पहले से बैठे थे. मेरे बस खड़ी करने के करीब एक मिनट बाद उनमें से एक ने चिल्लाकर कहा, ‘ओए आतंकवादी, अपनी गाड़ी यहां से हटा!’”
ड्राइवर ने कहा, “जब मैंने पूछा कि क्या परेशानी है, तो वह चिल्लाया, ‘गाड़ी तुरंत हटाओ! इसे यहां खड़ा नहीं होने देंगे. जम्मू-कश्मीर की गाड़ी यहां नहीं आएगी.’ इसके बाद उसने बस के आगे का शीशा तोड़ दिया, बस के अंदर घुस आया और मेरे साथ मारपीट करने लगा. इससे पहले न तो कोई विवाद हुआ था और न ही कोई बातचीत. उसने सिर्फ इसलिए बस को निशाना बनाया, क्योंकि उस पर जम्मू-कश्मीर का नंबर था.”
ड्राइवर ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर ने बस की पिछली नंबर प्लेट तोड़कर अपने साथ ले ली. उसने दावा किया कि हमलावर कह रहे थे कि हरियाणा में जम्मू-कश्मीर के वाहनों को आने नहीं दिया जाएगा.
ड्राइवर ने कहा, “यह पूरी तरह गुंडागर्दी है. भगवान न करे, अगर ज्यादातर यात्री बस से नीचे नहीं उतरे होते, तो लोगों की जान भी जा सकती थी. वे लगातार धमकी दे रहे थे कि ‘तुम्हें गोली मार देंगे, बस में आग लगा देंगे.’ हम न्याय चाहते हैं. इस तरह की गुंडागर्दी बंद होनी चाहिए.”
उसने आगे कहा, “हम सभी इन्हीं सड़कों पर सफर करते हैं. उनकी गाड़ियां भी हमारे यहां आती हैं. ऐसी घटनाएं दोनों तरफ का माहौल खराब करती हैं.”
ड्राइवर के मुताबिक, 40 सीटों वाली स्लीपर बस में 35 यात्री सवार थे. हमले के समय उनमें से करीब 80 प्रतिशत यात्री खाना खाने के लिए बस से उतर चुके थे.