रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ का दो दिवसीय दौरा करेंगी. इस दौरान वह विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा उत्सव के हिस्से के रूप में आयोजित होने वाले पारंपरिक ‘मुरिया दरबार’ में शामिल होंगी.
साय ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘हमने राष्ट्रपति को बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था, और उन्होंने हमारा आमंत्रण स्वीकार कर लिया है.’’
उन्होंने बताया कि अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान, राष्ट्रपति मुर्मू 23 अक्टूबर को बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर जाएंगी और ‘मुरिया दरबार’ में हिस्सा लेंगी.
अधिकारियों ने बताया कि ‘मुरिया दरबार’ को एक पारंपरिक आदिवासी सभा या ‘आदिम जन संसद’ माना जाता है, और इसका आयोजन बस्तर दशहरा उत्सव के तहत किया जाता है.
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति पुजारियों और आदिवासी समुदाय के नेताओं के साथ बातचीत करेंगी.
साय ने यह भी कहा कि यह गर्व की बात है कि छत्तीसगढ़ में पहली बार महिलाओं के क्रिकेट मैच आयोजित किए जा रहे हैं.
भारत और जिम्बाब्वे के बीच महिला टी 20 सीरीज का पहला मैच शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. तीन मैचों की इस सीरीज के बाकी दो मैच भी इसी मैदान पर खेले जाएंगे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के लिए इन मैचों में प्रवेश निःशुल्क होगा और उनसे कोई टिकट शुल्क नहीं लिया जाएगा.