बिजनौर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बिजनौर में 1003 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि 2017 से पहले मुख्यमंत्री बिजनौर आने से बचते थे, लेकिन आज यह जिला विकास का मॉडल बन गया है.
जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि पहले कहा जाता था कि बिजनौर मुख्यमंत्री के लिए बदकिस्मती लाता है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बदकिस्मत बिजनौर नहीं, बल्कि पहले की सरकारें थीं, इसलिए जिले ने उन्हें स्वीकार नहीं किया.
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 17, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी खराब सड़क, कमजोर कानून-व्यवस्था और पिछड़ेपन के लिए पहचाना जाने वाला बिजनौर आज हाईवे, रेलवे, मेडिकल कॉलेज और तेज़ी से बढ़ते निवेश के कारण नई पहचान बना रहा है. उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को समय पर भुगतान मिल रहा है और जिले में विकास तेजी से हो रहा है.
योगी ने कहा कि नागीना का विश्व प्रसिद्ध लकड़ी शिल्प, कारोबारियों की मेहनत, युवाओं की ऊर्जा और किसानों के परिश्रम ने बिजनौर को अलग पहचान दी है. उन्होंने कहा कि अब विकास की प्राथमिकताएं लखनऊ नहीं, बल्कि जनता के चुने हुए जनप्रतिनिधि तय करते हैं और राज्य व केंद्र सरकार उसके लिए धन उपलब्ध कराती है.
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने तेंदुओं का जिक्र करते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जिन्हें विकास दिखाई नहीं देता, उनके पास यहां के तेंदुए भेज दिए जाएं.
उन्होंने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे का हरिद्वार तक विस्तार होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी. साथ ही बिजनौर में नर्सिंग कॉलेज बनने से खासकर महिलाओं को शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले गन्ना किसानों को भुगतान के लिए वर्षों इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब समय पर भुगतान हो रहा है और गन्ने का मूल्य भी बढ़ाया गया है.
कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2016 में बिजनौर में एनआईए के एक डीएसपी और उनकी पत्नी की हत्या हुई थी, जबकि आज जिला माफिया और अपराध से मुक्त होकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए योजनाओं का लाभ सीधे लोगों के खातों में पहुंचा रही है. डिजिटल निगरानी से सार्वजनिक वितरण प्रणाली पर भी नजर रखी जा रही है और गड़बड़ी मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाती है.
उन्होंने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसने बिजनौर जैसे जिलों की अनदेखी की. योगी ने कहा कि सड़क, पुल और फ्लाईओवर जैसी परियोजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं है और सरकार विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाती रहेगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि के लिए बिना रुके और बिना थके लगातार काम करती रहेगी.