scorecardresearch
Friday, 25 September, 2026
होमरिपोर्टउत्तराखंड में विकास कार्यों के लिए 39.87 करोड़ की मंजूरी, सड़क से लेकर जलाशय और सोलर प्रोजेक्ट तक शामिल

उत्तराखंड में विकास कार्यों के लिए 39.87 करोड़ की मंजूरी, सड़क से लेकर जलाशय और सोलर प्रोजेक्ट तक शामिल

मुख्यमंत्री ने चमोली जिले के विकासखंड देवाल के वाण में हैलीपैड निर्माण के लिए बची हुई राशि के तौर पर ₹1.88 करोड़ मंजूर किए हैं.

Text Size:

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में अलग-अलग विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए कुल ₹39.87 करोड़ की वित्तीय मंजूरी दी है. इसमें पेयजल, सड़क, सोलर प्रोजेक्ट, हैलीपैड, पार्किंग, मंदिर के सौंदर्यीकरण और रिवरफ्रंट डेवलपमेंट से जुड़े काम शामिल हैं.

मुख्यमंत्री ने वार्ड नंबर 60 के मधुवन एन्क्लेव में नलकूप और ऊर्ध्व जलाशय बनाने के लिए ₹4.98 करोड़ की मंजूरी दी है. इसके अलावा नैनीताल जिले की हल्द्वानी शाखा के तहत हल्द्वानी में कुमायूं क्षेत्र के लिए राज्य स्तरीय जल गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला बनाने के लिए ₹2.21 करोड़ मंजूर किए गए हैं.

देहरादून जिले में 26 एमएलडी STP लक्कड़घाट ऋषिकेश-जगजीतपुर और 0.0500 एमएलडी को-ट्रीटमेंट लक्कड़घाट ऋषिकेश में ग्रिड सोलर लगाने के लिए ₹4.30 करोड़ मंजूर किए गए हैं. वहीं टिहरी जिले में 5.00 एमएलडी STP चोरपानी ऋषिकेश में ग्रिड सोलर लगाने के लिए ₹2.15 करोड़ की मंजूरी दी गई है.

मुख्यमंत्री ने चमोली जिले के विकासखंड देवाल के वाण में हैलीपैड निर्माण के लिए बची हुई राशि के तौर पर ₹1.88 करोड़ मंजूर किए हैं. वहीं पौड़ी जिले के विधानसभा क्षेत्र पौड़ी में निर्माण कार्यों, जिसमें निसनी लिंक मोटर रोड का सुधार भी शामिल है, के लिए ₹3.17 करोड़ की मंजूरी दी गई है.

चंपावत जिले के विधानसभा क्षेत्र चंपावत में बूढ़ाखेत-अमकड़िया मोटर मार्ग के सुधार के लिए ₹1.67 करोड़ मंजूर किए गए हैं. वहीं टिहरी गढ़वाल जिले के विकासखंड थौलधार में उप्पू से औलणी मोटर मार्ग के दोबारा निर्माण और उसे मजबूत करने के लिए ₹3.25 करोड़ की मंजूरी दी गई है.

चमोली जिले में नंदा राजजात के तहत विकासखंड देवाल के वाण पड़ाव हैलीपैड के पास सरफेस पार्किंग और शौचालय बनाने के लिए ₹1.36 करोड़ मंजूर किए गए हैं. इसके अलावा मुंदोली के डनाला तोक में अस्थायी पार्किंग बनाने के लिए ₹40.22 लाख और मुंदोली के सुराई तोक में अस्थायी पार्किंग के लिए ₹30 लाख मंजूर किए गए हैं.

अल्मोड़ा जिले के विधानसभा क्षेत्र जागेश्वर में दन्या के पास सिद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹97.08 लाख की मंजूरी दी गई है. इसके साथ ही मानसून के दौरान सड़कों के निर्माण के लिए राज्य आपदा मोचन निधि के तहत लोक निर्माण विभाग को ₹1 करोड़ और ग्राम्य विकास विभाग को ₹50 लाख मंजूर किए गए हैं.

पिथौरागढ़ जिले के विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट में किरौली स्कूल से जैतबुगा तक CC मार्ग बनाने के लिए ₹74.44 लाख मंजूर किए गए हैं. वहीं हरिद्वार जिले के विधानसभा क्षेत्र BHEL रानीपुर में सड़कों के डामरीकरण और चौड़ीकरण से जुड़े चार निर्माण कार्यों के लिए ₹3.41 करोड़ की मंजूरी दी गई है.

पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड कनालीछीना की ग्राम पंचायत भौतली में आंतरिक CC मार्ग बनाने के लिए ₹80 लाख मंजूर किए गए हैं. पर्यटन विभाग के तहत धारचूला, पिथौरागढ़ में काली नदी के किनारे पैदल चलने वालों के लिए रिवरफ्रंट विकसित करने के लिए ₹6 करोड़ की मंजूरी दी गई है.

इसके अलावा नैनीताल स्थित हाई कोर्ट में CCTV कैमरे लगाने के लिए ₹77.29 लाख की वित्तीय मंजूरी देने का भी अनुमोदन किया गया है.

share & View comments