scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमराजनीतिPM मोदी डॉनल्ड ट्रंप के नियंत्रण में हैं और यही वह तमिलनाडु में करना चाहते हैं: राहुल गांधी का दावा

PM मोदी डॉनल्ड ट्रंप के नियंत्रण में हैं और यही वह तमिलनाडु में करना चाहते हैं: राहुल गांधी का दावा

गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने ‘‘हमारी ऊर्जा सुरक्षा को दांव पर लगा दिया और हमारे डेटा को दूसरों के हवाले कर दिया, साथ ही हमारे किसानों और छोटे और मध्यम उद्योगों को बेच दिया.’’

Text Size:

रानीपेट(तमिलनाडु): कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप द्वारा ‘नियंत्रित’ किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री चाहते हैं कि अन्नाद्रमुक सत्ता में आए, ताकि वह तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को नियंत्रित कर सकें.

गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने ‘‘हमारी ऊर्जा सुरक्षा को दांव पर लगा दिया और हमारे डेटा को दूसरों के हवाले कर दिया, साथ ही हमारे किसानों और छोटे और मध्यम उद्योगों को बेच दिया.’’

उन्होंने परिसीमन विधेयक पर कहा, ‘‘कल (संसद में) आपने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे पर आत्मविश्वास की पूरी कमी देखी.’’

राहुल गांधी ने यहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘वह (प्रधानमंत्री) विपक्ष का सामना भी नहीं कर सके. वह अलग बैठे थे. इसका कारण यह है कि वह अमेरिका द्वारा नियंत्रित हैं. उन्होंने भारत-अमेरिका समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसने हमारे देश को बेच दिया गया.’’

उन्होंने कहा, ‘‘आज अगर डॉनल्ड ट्रंप मोदी को कूदने को कहें, तो मोदी कूद जाते हैं. अगर डोनाल्ड ट्रंप मोदी को लेटने को कहें, तो मोदी लेट जाते हैं. क्यों? क्योंकि डोनाल्ड ट्रंप का मोदी पर पूरी तरह नियंत्रण है. वे उन्हें कैसे नियंत्रित करते हैं? वह एप्स्टीन फाइलों के जरिए नियंत्रित करते हैं. वह उन्हें नियंत्रित करते हैं, क्योंकि उन्हें मोदी की वित्तीय व्यवस्था का पता है और अदाणी के साथ मोदी के संबंधों को समझते हैं.’’

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘ जिस तरह ट्रंप, मोदी को नियंत्रित कर रहे हैं, वह भी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को उसी तरह नियंत्रित करना चाहते हैं.’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसीलिए वह (मोदी) तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक)को सत्ता में लाना चाहते हैं.’’


यह भी पढ़ें: ईरान पर ट्रंप-नेतन्याहू का दांव: क्या फिर लौट रही है ‘रिजीम चेंज’ की नीति?


 

share & View comments