scorecardresearch
Monday, 25 May, 2026
होमराजनीतिकानून-व्यवस्था पर विपक्ष का हमला: CM विजय ने बुलाई पुलिस समीक्षा बैठक, जांच के निर्देश दिए

कानून-व्यवस्था पर विपक्ष का हमला: CM विजय ने बुलाई पुलिस समीक्षा बैठक, जांच के निर्देश दिए

एक हफ़्ते में 3 घिनौनी घटनाओं से राज्य हिल गया है—कोयंबटूर में 10 साल की बच्ची का कथित यौन उत्पीड़न और हत्या, विल्लुपुरम में 11 साल की बच्ची का कथित यौन उत्पीड़न, और मदुरै में टीनएज लड़के की हत्या.

Text Size:

चेन्नई: सी. जोसेफ विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के मुश्किल से दो हफ्ते बाद ही, विपक्ष ने उन पर राज्य में कानून-व्यवस्था बिगड़ने को लेकर तीखा हमला शुरू कर दिया है. यह हमला हाल की कई भयानक घटनाओं के बाद हुआ है, जिनमें कोयंबटूर के सुलूर में पिछले गुरुवार एक 10 साल की बच्ची के साथ कथित यौन शोषण और हत्या का मामला शामिल है.

इस 10 साल की बच्ची की घटना के बाद विल्लुपुरम की 11 साल की बच्ची के साथ कथित यौन शोषण का मामला सामने आया. एक और चौंकाने वाली घटना में मदुरै के 17 साल के लड़के की सोमवार को धारदार हथियार से हत्या कर दी गई.

आलोचना का जवाब देते हुए राजस्व मंत्री के.ए. सेंगोटेया ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को रातों-रात ठीक नहीं किया जा सकता. “मंत्रियों ने अभी-अभी पद संभाला है. यह उम्मीद करना गलत और अव्यावहारिक है कि दशकों पुरानी समस्याएं एक रात में खत्म हो जाएं,” सेंगोटेया ने कहा.

मुख्यमंत्री विजय ने बढ़ती आलोचना के बीच सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की. सरकार के आधिकारिक बयान के अनुसार, निर्देश दिया गया है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जाए.

इस निर्देश में यौन अपराधों के लिए पोक्सो अधिनियम सहित संबंधित कानूनों के तहत तेज जांच और कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है.

विजय ने ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की बात कही और महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए बेहतर उपायों और जिला अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया ताकि ऐसी घटनाएँ दोबारा न हों और जल्दी न्याय सुनिश्चित हो सके.

दिलचस्प बात यह है कि डीएमके सरकार के तहत “बिगड़ती” कानून-व्यवस्था टीवीके के चुनाव प्रचार के प्रमुख मुद्दों में से एक थी.

मामले और पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने तीनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और गिरफ्तारियां की हैं. कोयंबटूर मामले में पिछले हफ्ते दो लोगों को गिरफ्तार किया गया.

विल्लुपुरम मामले में 62 वर्षीय बढ़ई एन. कन्नियप्पन को कोंटाकुप्पम ऑल-वुमन पुलिस ने शनिवार को मयलक्कानम के पास 11 साल की कक्षा 5 की बच्ची के साथ कथित यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया.

आरोपी ने कथित रूप से लड़की को वड़ा खरीदने के बहाने बहलाया और फिर उसके साथ गलत हरकत की. लड़की की माँ की शिकायत पर पोक्सो केस दर्ज किया गया और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

मदुरै मामले में 17 साल के लड़के की हत्या कथित रूप से पांच लोगों के गैंग ने की. यह घटना मीनाक्षी अम्मन मंदिर के पास मदुरै कॉरपोरेशन द्वारा संचालित पार्किंग क्षेत्र के पास हुई.

लड़के पर सोते समय धारदार हथियारों से हमला किया गया. पांचों हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें से एक की पहचान मुथुमणि के रूप में हुई है.

पुलिस सूत्रों के अनुसार शक है कि यह हत्या हाल के मंदिर उत्सव के दौरान हुए विवाद से जुड़ी पुरानी रंजिश का नतीजा है. मृतक के खिलाफ कई आपराधिक मामले लंबित थे.

नई सरकार पर हमला

इन तीन घटनाओं ने तीखी राजनीतिक प्रतिक्रिया को जन्म दिया है. विपक्षी दलों ने विजय सरकार की कानून-व्यवस्था संभालने की क्षमता पर सवाल उठाए हैं. ये वही मुद्दे हैं जिन पर टीवीके ने पहले डीएमके सरकार की आलोचना की थी.

डीएमके नेता कनिमोझी ने मीनाक्षी अम्मन मंदिर के पास मदुरै में लड़के की हत्या की खबर को चौंकाने वाला बताया.

उन्होंने एक्स पर लिखा कि यह दर्दनाक है कि तमिलनाडु में हर सुबह ऐसी खबरें सुनने को मिल रही हैं. तमिलनाडु ऐसी स्थिति में पहुंच गया है जहां कोई भी सुरक्षित नहीं है, चाहे बच्चे हों, महिलाएं हों, दिव्यांग हों या बुजुर्ग. क्या नई सरकार समझती है कि कानून-व्यवस्था बुरी तरह बिगड़ चुकी है.

AIADMK नेता एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने भी सरकार पर सवाल उठाए और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर आलोचना की.

उन्होंने कहा कि क्या वर्तमान सरकार भी डीएमके जैसी है जो महिलाओं की सुरक्षा को खत्म कर रही है. तमिलनाडु में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा कहाँ है.

ईपीएस ने विजय को उनके चुनावी वादे याद दिलाए और सख्त कार्रवाई की मांग की.

बीजेपी राज्य अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने मदुरै हत्या और अपराधों में बढ़ोतरी की निंदा की.

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के लोग अब हर दिन डर के साथ शुरू करते हैं क्योंकि हत्या और महिलाओं-बच्चों के खिलाफ अपराध की खबरें आती हैं. सरकार वही है जिसने पहले डीएमके पर आरोप लगाए थे, लेकिन अब खुद उन समस्याओं को हल नहीं कर पा रही है. सिर्फ सरकार बदली है, लेकिन लोगों की परेशानी जारी है.

उन्होंने पूछा कि प्रशासन कितनी और जानें जाने का इंतिजार करेगा.

बीजेपी नेताओं ने, जिनमें पूर्व राज्य अध्यक्ष के. अन्नामलाई भी शामिल हैं, विजय सरकार से “उत्सव के मूड से बाहर आने” और जमीनी हकीकत पर ध्यान देने की अपील की.

इस बीच राजस्व मंत्री सेंगोटेया ने कहा कि मुख्यमंत्री रोजाना बयान देने में विश्वास नहीं रखते. “वे सही समय पर मीडिया से जरूर बात करेंगे,” उन्होंने सोमवार को कहा.

उन्होंने कोयंबटूर मामले में त्वरित कार्रवाई का उल्लेख किया, जिसमें डीजीपी को जांच की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं.

“मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने डीजीपी को घटनास्थल पर जाकर जांच की निगरानी करने का निर्देश दिया है. आगे की कानूनी कार्रवाई गंभीरता से की जा रही है,” सेंगोटेया ने कहा.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: सीज़फायर ईरान युद्ध का अंत नहीं करेगा, अमेरिका ने बस एक और लंबी लड़ाई का मंच तैयार किया है


 

share & View comments