scorecardresearch
Wednesday, 16 September, 2026
होमराजनीतितमिलनाडु में विजय जैसे गणपति की मूर्तियों पर BJP नाराज़, हिंदू भावनाओं के अपमान का आरोप

तमिलनाडु में विजय जैसे गणपति की मूर्तियों पर BJP नाराज़, हिंदू भावनाओं के अपमान का आरोप

चेन्नई में गणेश चतुर्थी समारोहों में ऐसी मूर्तियां लगाई गईं, जिनमें मुख्यमंत्री के फिल्मों से राजनीति तक के सफर को दिखाया गया था. बीजेपी ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की.

Text Size:

चेन्नई: तमिलनाडु में गणेश चतुर्थी अब राजनीति से जुड़ गई है. चेन्नई के कई पंडालों में हिंदू देवता की ऐसी मूर्तियां लगाई गईं, जिनका चेहरा मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय जैसा बनाया गया था. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कुछ अन्य संगठन इससे नाराज़ हैं. उनका कहना है कि किसी भी व्यक्ति की तुलना भगवान से नहीं की जानी चाहिए और जानबूझकर इस तरह की समानता दिखाना “अनादर” है.

इन मूर्तियों में 2004 की फिल्म ‘गिल्ली’ में विजय के कबड्डी खेलने वाले किरदार, चुनाव प्रचार के दौरान उनके साइकिल चलाने वाले दृश्यों और विधानसभा में उनकी मौजूदगी से जुड़े वायरल हाथ के इशारे को दिखाया गया था. कोरुक्कुपेट, आर.के. नगर और कोडुंगैयूर समेत अन्य जगहों पर भी ऐसी ही मूर्तियां लगाई गई थीं. इनमें मुख्यमंत्री के सिनेमा से राजनीति तक के सफर को दिखाया गया था.

BJP की राज्य इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने मंगलवार को इन मूर्तियों पर कड़ा विरोध जताया. उन्होंने विनायगर चतुर्थी समारोह के तहत इन्हें लगवाने वाले तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के पदाधिकारियों की गिरफ्तारी की मांग की. नैनार ने आरोप लगाया कि इन मूर्तियों से भगवान का अपमान हुआ है.

उन्होंने कहा, “देशभर में करोड़ों लोग भगवान गणेश की पूजा करते हैं. उन्हें सिर्फ राजनीतिक नेता को बढ़ावा देने और राजनीतिक प्रचार के लिए एक राजनीतिक नेता के रूप में दिखाना लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाता है.” उन्होंने विजय की “चुप्पी” और ऐसे कामों की निंदा नहीं करने की भी आलोचना की.

नागेंद्रन ने मूर्तियों को तुरंत हटाने की मांग की. उनका कहना था कि इनसे धार्मिक भावनाओं और पूजा की परंपराओं को नुकसान पहुंचता है. हालांकि, अभी तक पंडालों से इन मूर्तियों को नहीं हटाया गया है.

बीजेपी नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने भी विजय जैसी मूर्तियां लगाए जाने की आलोचना की. उन्होंने कहा कि एक पवित्र त्योहार को राजनीतिक स्वार्थ के मंच में बदलना पूजा को अपने प्रचार के साधन में बदलने जैसा है. बीजेपी नेताओं ने टीवीके सरकार से मूर्तियों को तुरंत हटाने और आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की.

भारत हिंदू मुन्नानी (BHM) ने भी गणेश चतुर्थी समारोहों में हिंदू देवी-देवताओं की जगह मुख्यमंत्री की तस्वीर या छवि का इस्तेमाल किए जाने पर आपत्ति जताई. संगठन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की. संगठन ने मुख्यमंत्री से यह भी स्पष्ट करने को कहा कि उनकी तस्वीरों या इशारों का इस्तेमाल ऐसे तरीके से नहीं किया जाना चाहिए, जिससे हिंदू धर्म या हिंदू देवी-देवताओं का अपमान हो.

टीवीके ने अब तक इस विवाद पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. मुख्यमंत्री विजय ने इससे पहले विनायगर चतुर्थी की शुभकामनाएं दी थीं और अच्छे कामों की सफलता तथा परिवारों की खुशहाली की कामना की थी, लेकिन उन्होंने धार्मिक भावनाओं के अपमान के बीजेपी के आरोप पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: विजय की चुप्पी MGR-जयललिता से अलग, ‘कम बोलो, ज्यादा काम करो’ की रणनीति कितनी कारगर


 

share & View comments