scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमदेशबाहरी दिल्ली में बदला लेने के लिए युवक की चाकू घोंपकर हत्या, दूसरा जख्मी

बाहरी दिल्ली में बदला लेने के लिए युवक की चाकू घोंपकर हत्या, दूसरा जख्मी

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर (भाषा) बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में बदला लेने के लिए कुछ लोगों ने एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी जबकि उसके दोस्त को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि चाकू से बुरी तरह से घायल होने के बाद 24 वर्षीय हर्ष खून से लथपथ हालत में किसी तरह अपने घर तक पहुंचा और दरवाजे पर कई बार दस्तक देने के बाद वहीं गिर पड़ा।

शोर सुनकर उसकी मां और बहन कुछ देर बाद बाहर आईं जबकि एक पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गया।

पुलिस ने कहा कि एक पड़ोसी मोटरसाइकिल पर हर्ष को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले गया और बाद में डॉक्टरों ने उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि यह वारदात रविवार देर रात करीब दो बजे हुई। घटना के वक्त सुल्तानपुरी निवासी हर्ष अपने साथी जतिन और कृष के साथ स्कूटर पर घर लौट रहा था।

पुलिस ने कहा कि दो-तीन लोगों ने उन्हें रोका और चाकू से उनपर हमला कर दिया जिसमें हर्ष के सीने में और जतिन की जांघ में चाकू लगा।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हर्ष के भाई ने देर रात सुल्तानपुरी थाने को घटना की सूचना दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि हर्ष की करीब दो महीने में शादी होने वाली थी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर 21-वर्षीय दीपक उर्फ दीपू की पहचान की गई और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर उसे वारदात के 12 घंटे के अंदर पकड़ लिया गया।

पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान हो गई है और उन्हें पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।

जतिन की शिकायत के आधार पर, पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है और जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हर्ष और उसके साथियों की पहले किसी बात को लेकर दीपक और उसके साथियों से झड़प हुई थी।

पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने बाद में हर्ष और जतिन को पहचान लिया और कथित तौर पर बदला लेने के लिए उन पर चाकुओं से हमला किया।

भाषा नोमान

नोमान माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments