scorecardresearch
Thursday, 30 July, 2026
होमदेशदिल्ली में युवती की सिर में गोली मारकर हत्या

दिल्ली में युवती की सिर में गोली मारकर हत्या

Text Size:

नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) उत्तर पश्चिमी दिल्ली के केशव पुरम इलाके में एक इमारत की देखभालकर्ता के रूप में काम करने वाली 20 वर्षीय युवती की बुधवार को सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को केशव पुरम के शांति नगर स्थित एक इमारत में एक युवती की हत्या की सूचना मिली।

अधिकारियों के मुताबिक, सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे से युवती का खून से लथपथ शव बरामद हुआ।

अधिकारियों के अनुसार, युवती के सिर में गोली लगी हुई थी। उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान आजादपुर निवासी ज्योति (20) के रूप में हुई है, जो दिन की पाली में इमारत की देखभालकर्ता के रूप में काम करती थी।

अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि इसी इमारत में रात की पाली में देखभालकर्ता के रूप में काम करने वाले सौरभ नामक युवक के साथ उसका प्रेम प्रसंग था।

अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस को आशंका है कि किसी व्यक्तिगत मुद्दे पर हुए विवाद के बाद सौरभ ने ज्योति के सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि अपराध जांच दल और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को घटनास्थल पर जांच के लिए बुलाया गया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा

नोमान पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments