(फोटो के साथ)
अयोध्या (उप्र) दो नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ सोमवार को दीपोत्सव-2026 की तैयारियों का जायजा लेने सोमवार को अयोध्या पहुंचे और उन्होंने हनुमान गढ़ी एवं रामलला का दर्शन एवं पूजन किया।
एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सबसे पहले दीपोत्सव से संबंधित विभिन्न स्थानों पर चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि तत्पश्चात मुख्यमंत्री ने संकटमोचन हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-शांति की कामना की एवं फिर श्री राम मंदिर पहुंचकर श्री रामलला के चरणों में शीश नवाया।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने अपने दौरे की शुरुआत दीपोत्सव की तैयारियों के निरीक्षण से की और इसके बाद उन्होंने हनुमानगढ़ी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुखमय जीवन की प्रार्थना की।
यहां से निकलकर मुख्यमंत्री श्री राम मंदिर पहुंचे। उन्होंने श्री रामलला के दर्शन किए, आरती उतारी और मंदिर की परिक्रमा की।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली। श्री राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को दीपोत्सव-2026 की वर्तमान तैयारियों और आगामी योजनाओं से अवगत कराया। इसके बाद मुख्यमंत्री श्री राम जन्मभूमि मंदिर परिसर स्थित पीएफसी सभागार पहुंचे, जहां अधिकारियों के साथ दीपोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक की।
भाषा आनन्द
राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.