scorecardresearch
Monday, 29 June, 2026
होमदेशयोगी बताएं कि राम मंदिर दान मामले में क्या RSS के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई होगी: कांग्रेस

योगी बताएं कि राम मंदिर दान मामले में क्या RSS के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई होगी: कांग्रेस

खेड़ा ने पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) से संबंधित विधेयक लाए जाने की खबरों पर आरोप लगाया कि ऐसे मुद्दे अयोध्या राम मंदिर विवाद से जनता का ध्यान हटाने के लिए उठाए जा रहे हैं.

Text Size:

रायपुर: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि उनसे यह पूछा जाना चाहिए कि अयोध्या राम मंदिर के लिए मिले चंदे में कथित गड़बड़ी के मामले में क्या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) या प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के खिलाफ भी ‘‘बुलडोजर कार्रवाई’’ की जाएगी.

खेड़ा, रायपुर में संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे.

उन्होंने बांग्लादेश से लौटने वाले हिंदुओं को सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिए जाने संबंधी आदित्यनाथ के बयान के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘आरएसएस और पीएमओ सीधे तौर पर राम मंदिर के कामकाज की निगरानी कर रहे थे. अगर वहां कोई गड़बड़ी हुई है, तो क्या आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के आवास या पीएमओ पर बुलडोजर भेजा जाएगा? उनसे यह सवाल पूछिए, उनके पास इसका कोई जवाब नहीं होगा.’’

खेड़ा ने आरोप लगाया कि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने तीन महीने पहले अयोध्या में चंदा गणना केंद्र पर तैनात अधिकारियों को हटाने की सिफारिश की थी. उन्होंने कहा, ‘‘एसबीआई ने तीन महीने पहले सिफारिश की थी कि गणना केंद्र पर तैनात लोगों को हटा दिया जाए. उन्हें कौन बचा रहा है? नागपुर या दिल्ली?’’ खेड़ा ने कथित गड़बड़ियों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘अयोध्या की लूट तो सिर्फ एक झांकी है, काशी और मथुरा अभी बाकी हैं.’’

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विदेश दौरों के बारे में पूछे जाने पर आरोप लगाया कि अमेरिका ‘‘हर दिन भारत का अपमान कर रहा है’’, जबकि प्रधानमंत्री इस पर खामोश हैं.

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘मोदी जी को हमें उन लोगों की सूची देनी चाहिए, जिनसे वे डरते हैं और जिनसे नहीं डरते.’’

खेड़ा ने पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) से संबंधित विधेयक लाए जाने की खबरों पर आरोप लगाया कि ऐसे मुद्दे अयोध्या राम मंदिर विवाद से जनता का ध्यान हटाने के लिए उठाए जा रहे हैं.

उन्होंने दावा किया, ‘‘इसका उद्देश्य केवल सुर्खियां बदलना और अयोध्या में भगवान राम के नाम पर जो कुछ हो रहा है, उससे लोगों का ध्यान हटाना है.’’

खेड़ा रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र में आयोजित कांग्रेस की राज्य इकाई के जिला अध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर संबोधित करने के लिए आए थे.

share & View comments