लोनावला: केतन अग्रवाल हत्याकांड में वडगांव मावल कोर्ट ने सोमवार को आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया.
आरोपी सिया की ओर से पैरवी कर रहे वकील विपुल दुशिंग ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों की सात दिन की पुलिस हिरासत मांगी थी. हालांकि, दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने 3 जुलाई तक पुलिस कस्टडी मंजूर की.
दुशिंग ने कहा कि बचाव पक्ष का तर्क था कि लंबी पुलिस हिरासत की ज़रूरत नहीं है क्योंकि आरोपी अब तक जांच में पूरा सहयोग कर रही है और आगे भी करती रहेगी. लेकिन मामले की गंभीरता और जनभावनाओं को देखते हुए अदालत ने निष्पक्ष जांच के लिए 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत दे दी.
इससे पहले दिन में सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी को लोनावला के वडगांव मावल पुलिस स्टेशन से अदालत में पेश किया गया.
पुणे ग्रामीण पुलिस ने रविवार को खुलासा किया था कि 18 जून को लोहागढ़ किले पर 26-वर्षीय कारोबारी केतन अग्रवाल को कथित तौर पर खाई में धक्का देने से पहले सिया गोयल ने अपने साथी चेतन चौधरी को पहले से तय संकेत दिया था.
जांचकर्ताओं के अनुसार, सिया पानी पीने के बहाने ज़मीन पर बैठ गई थी, ताकि धक्का दिए जाने के समय वह केतन की पहुंच से दूर रहे. पुलिस को शक है कि यह एक सोची-समझी रणनीति थी, जिससे गिरते समय केतन उसका सहारा न पकड़ सके.
पुणे ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर इस अपराध की योजना सिया गोयल और उसके मित्र चेतन चौधरी ने मिलकर बनाई थी.
दोनों आरोपियों को 23 जून को गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद उन्हें 29 जून तक सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया था. मामले की जांच जारी है.