नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील व अंधेरे वाले क्षेत्रों की पहचान करने के लिए सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) स्तर के एक अधिकारी की अगुवाई में जिला स्तरीय टीम गठित की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवाल ने यहां पत्रकारों को बताया कि इस टीम से कहा गया है कि वह संवेदनशील क्षेत्रों,पार्कों, स्कूल व कॉलेजों के आसपास के क्षेत्रों और अंधेरे वाले स्थान की पहचान करें।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा टीम को उन क्षेत्रों की पहचान करने को भी कहा गया है जहां सीसीटीवी कैमरों की कवरेज पर्याप्त नहीं है।
अलवाल ने बताया कि इस कवायद के पूरा होने के बाद रिपोर्ट का अध्ययन किया जाएगा और जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
डीसीपी ने बताया कि इसके अलावा विभिन्न एनजीओ के सदस्यों के साथ भी बैठक कर उनसे संवेदनशील और अंधेरे वाले क्षेत्रों की जानकारी मांगी गई है।
अधिकारी ने कहा, “हम महिला सुरक्षा के लिए पुलिस के अलावा जो विभाग भी जिम्मेदार हैं उन्हें साथ लेकर यह सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली में महिलाएं सड़कों पर चलते हुए अधिक सुरक्षित महसूस करें।”
उन्होंने कहा कि रात में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारी गहन गश्त कर रहे हैं और लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जान रहे हैं।
अलवाल ने बताया कि मेट्रो स्टेशनों के आसापस, बाजारों और पार्कों में ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है।
भाषा नोमान नोमान संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.