मोरीगांव (असम), 22 अक्टूबर (भाषा) असम के मोरीगांव जिले में 48 वर्षीय एक विधवा महिला की उसके कथित प्रेमी और उसके दो भाइयों ने मिलकर हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार छह बच्चों की मां यह महिला भूरागांव थाना क्षेत्र के बघूथा गांव में बुबुल बोरो नामक व्यक्ति के साथ संबंध में थी।
पुलिस ने कहा कि ग्रामीणों ने रविवार को एक बैठक की थी और इसमें निर्णय हुआ था कि दोनों को शादी कर लेनी चाहिए।
फैसले के अनुसार, इलाके की महिलाओं ने शादी का इंतजाम कराया और यह सुनिश्चित किया कि बोरो सोमवार को महिला को अपने घर ले जाए।
आरोप है कि बोरो और उसके दो भाइयों ने महिला को प्रताड़ित किया, जिससे उसी रात उसकी मौत हो गई। उन्होंने अपराध छिपाने की नीयत से दो दिनों तक शव को घर के भीतर ही रखा।
पुलिस ने बताया कि पड़ोसियों द्वारा दुर्गंध आने की शिकायत के बाद यह मामला सामने आया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.