शाहजहांपुर, 28 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक महिला ने मेडिकल कॉलेज में एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया, जिनमें तीन लड़कियां और एक लड़का शामिल है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
हालांकि, उन्होंने बताया कि प्रसव के बाद महिला की तीनों बच्चियों की मौत हो गई, जबकि उसके बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. शैलेंद्र सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सोमवार को शिवानी (28) को प्रसव पीड़ा के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया और उसने एक के बाद एक चार बच्चों को जन्म दिया।
सिंह के मुताबिक, प्रसव के बाद शिवानी की तीनों बच्चियों की मौत हो गई, जबकि एक शिशु जीवित है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि शिवानी पूरी तरह से स्वस्थ है।
भाषा
सं आनन्द
मनीषा पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.