ठाणे, 16 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस ने सेना के सेवानिवृत्त मेजर को कथित तौर पर मोहपाश में फंसा कर और झूठे आपराधिक मामलों में नामजद करने की धमकी देकर 20 लाख रुपये ऐंठने के मामले में ठाणे की एक महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान के भीलवाड़ा में रहने वाले 53 वर्षीय एक डॉक्टर (पीड़ित) ने आरोप लगाया कि ठाणे के बालकुम पाड़ा की रहने वाली महिला ने अप्रैल 2024 से मई 2026 के बीच दो साल तक उन्हें ब्लैकमेल किया।
कापुरबावड़ी पुलिस थाना के एक अधिकारी ने बताया कि महिला ने कथित तौर मोहपाश में फंसाया और पीड़ित की चुनिंदा तस्वीरें, वीडियो और फोन रिकॉर्डिंग एकत्र कर धमकी दी कि अगर उसकी पैसों की मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वह उसे झूठे मुकदमे में फंसा देगी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने भी पीड़ित के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि जब सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी न्यायिक हिरासत में था, तो महिला ने कथित तौर पर उसके रिश्तेदार से 20 लाख रुपये ऐंठ लिए।
पुलिस ने बताया कि बाद में महिला ने और 15 लाख रुपये की मांग की। महिला ने साजिश रचने और पैसे ऐंठने के लिए भीलवाड़ा और ठाणे में वकीलों से सलाह ली थी।
अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर, कापुरबावड़ी पुलिस ने मंगलवार को महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और महिला को अबतक गिरफ्तार नहीं किया गया है।
भाषा धीरज मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.