scorecardresearch
Thursday, 30 July, 2026
होमदेशसराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर सतर्क कर्मचारियों की मदद से बच्चा परिवार से मिला

सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर सतर्क कर्मचारियों की मदद से बच्चा परिवार से मिला

Text Size:

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) सराय काले खां नमो भारत स्टेशन के सतर्क कर्मचारियों ने एक बच्चे को उसके परिवार से मिलाने में मदद की। कर्मचारियों को बच्चे के साथ मौजूद एक महिला पर संदेह हुआ, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों और पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामले की जांच की। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एनसीआरटीसी की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह घटना तब सामने आई जब स्टेशन कर्मचारियों ने एक महिला को रोते हुए बच्चे के साथ देखा। बच्चा परेशान नजर आ रहा था।

एक महिला कर्मचारी ने महिला से बच्चे के साथ उसके संबंध के बारे में पूछताछ की।

महिला ने दावा किया कि बच्चा उसका बेटा है, लेकिन बच्चे ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बाद तुरंत मामले की सूचना स्टेशन नियंत्रक को दी गई।

बयान में कहा गया कि स्टेशन नियंत्रक ने स्टेशन पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कर्मियों को सतर्क किया और दिल्ली पुलिस को भी इसकी जानकारी दी।

एनसीआरटीसी ने बताया कि बच्चे के माता-पिता से भी संपर्क किया गया और महिला तथा बच्चे को जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया।

एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने स्टेशन कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सजगता से किसी अप्रिय घटना को टाला जा सका।

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments