scorecardresearch
Tuesday, 21 July, 2026
होमदेशआसाराम को ज़मानत मिलेगी या नहीं? सुप्रीम कोर्ट ने AIIMS से मांगी मेडिकल रिपोर्ट

आसाराम को ज़मानत मिलेगी या नहीं? सुप्रीम कोर्ट ने AIIMS से मांगी मेडिकल रिपोर्ट

आसाराम की ओर से पेश वकील ने कोर्ट से अनुरोध किया कि मामले को AIIMS के निदेशक के पास भेजा जाए, ताकि डॉक्टरों की एक टीम उनका पूरा मेडिकल परीक्षण कर रिपोर्ट दे सके कि उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत है या नहीं.

Text Size:

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने रेप मामले में दोषी स्वयंभू संत आसाराम की मेडिकल आधार पर जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) से उनकी स्वास्थ्य स्थिति की रिपोर्ट मांगी है.

जस्टिस एम.एम. सुंदरश और पी.बी. वराले की बेंच ने AIIMS के मेडिकल बोर्ड को एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया.

सुनवाई के दौरान राजस्थान सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट को बताया कि आसाराम तीन महीने पहले अयोध्या और काशी गए थे.

इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा, “हम नियमित जमानत नहीं दे रहे हैं. अगर मेडिकल आधार पर जरूरत हुई तभी राहत दी जाएगी. पहले मेडिकल रिपोर्ट आने दीजिए.”

आसाराम की ओर से पेश वकील ने कोर्ट से अनुरोध किया कि मामले को AIIMS के निदेशक के पास भेजा जाए, ताकि डॉक्टरों की एक टीम उनका पूरा मेडिकल परीक्षण कर रिपोर्ट दे सके कि उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत है या नहीं.

सुप्रीम कोर्ट में यह सुनवाई 2013 के जोधपुर रेप केस में राजस्थान हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली आसाराम की याचिका पर हो रही है. उन्होंने अपनी अपील लंबित रहने तक अंतरिम जमानत की भी मांग की है.

गौरतलब है कि मई 2026 में राजस्थान हाईकोर्ट ने नाबालिग से दुष्कर्म मामले में आसाराम की सजा को बरकरार रखा था. हालांकि, आपराधिक साजिश और गैंगरेप की धाराओं में सबूत पर्याप्त न होने के कारण उन्हें और दो सह-आरोपियों को उन आरोपों से बरी कर दिया गया था.

share & View comments