scorecardresearch
Tuesday, 21 July, 2026
होमदेशशंभू बॉर्डर पर किसानों से हरियाणा सरकार की बातचीत, 10 दिन में केंद्रीय कृषि मंत्री से मुलाकात का भरोसा

शंभू बॉर्डर पर किसानों से हरियाणा सरकार की बातचीत, 10 दिन में केंद्रीय कृषि मंत्री से मुलाकात का भरोसा

हालांकि, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि सरकार कृषि और डेयरी सेक्टर के हितों से कोई समझौता नहीं करेगी.

Text Size:

नई दिल्ली: ‘चलो दिल्ली’ आंदोलन के दौरान शंभू बॉर्डर पर किसानों और हरियाणा सरकार के बीच बातचीत हुई. हरियाणा सरकार ने किसानों का मांग पत्र स्वीकार करते हुए भरोसा दिया कि 8 से 10 दिनों के भीतर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान या केंद्र सरकार के अधिकारियों के साथ उनकी बैठक कराई जाएगी.

हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि किसानों की सभी मांगें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाएंगी. उन्होंने यह भी कहा कि किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी की गिरफ्तारी के मुद्दे पर वह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बात करेंगे और शाम तक समाधान निकालने की कोशिश करेंगे.

राणा ने कहा, “हम किसानों की मांगों को आगे भेजेंगे ताकि सभी मुद्दों का समाधान हो सके. गुरनाम सिंह चढ़ूनी के मामले में मुख्यमंत्री से बात करूंगा. एक सप्ताह या 10 दिनों के भीतर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान या केंद्र सरकार के किसी प्रतिनिधि के साथ बैठक कराई जाएगी.”

किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि हरियाणा सरकार ने किसानों का ज्ञापन स्वीकार कर लिया है और केंद्र से बैठक कराने का आश्वासन दिया है. उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से बात कर गुरनाम सिंह चढ़ूनी और बीएम सिंह सहित अन्य किसान नेताओं को रिहा करने का भी भरोसा दिया है.

पंधेर ने कहा कि दोनों नेताओं की रिहाई के बाद किसान आगे की रणनीति तय करेंगे. तब यह फैसला लिया जाएगा कि धरना जारी रखा जाए या केंद्र सरकार से बातचीत के बाद अगला कदम उठाया जाए.

किसानों का विरोध प्रदर्शन भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर है. उनका कहना है कि इस समझौते के तहत अमेरिका के कई कृषि और खाद्य उत्पादों पर भारत में शुल्क कम या खत्म करने की बात हुई है, जिससे भारतीय किसानों को नुकसान होगा.

हालांकि, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि सरकार कृषि और डेयरी सेक्टर के हितों से कोई समझौता नहीं करेगी.

share & View comments