scorecardresearch
Tuesday, 21 July, 2026
होमदेशसिक्किम टनल हादसा: मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजा, CM प्रेम सिंह तमांग ने जांच के दिए आदेश

सिक्किम टनल हादसा: मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजा, CM प्रेम सिंह तमांग ने जांच के दिए आदेश

NHPC के मुताबिक, हादसा समरदुंग स्थित निर्माणाधीन हेड रेस टनल (HRT) में चट्टानों के बीच फंसी मीथेन गैस के अचानक फटने से हुआ. विस्फोट के बाद टनल जहरीली गैस और धुएं से भर गई.

Text Size:

गंगटोक: सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने तीस्ता स्टेज-VI हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे की जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि अगर जांच में निर्माण कंपनी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 4 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया.

सीएम तमांग ने बताया कि हादसा सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे लंच ब्रेक के दौरान हुआ. उस समय टनल में 27 मजदूर मौजूद थे. इनमें 2 मजदूर बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि 25 मजदूर अंदर फंस गए.

उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF, NDRF और अन्य एजेंसियों ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया. सभी 25 फंसे मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया. फिलहाल पूरे इलाके की जांच की जा रही है ताकि किसी अन्य खतरे का पता लगाया जा सके.

NHPC के मुताबिक, हादसा समरदुंग स्थित निर्माणाधीन हेड रेस टनल (HRT) में चट्टानों के बीच फंसी मीथेन गैस के अचानक फटने से हुआ. विस्फोट के बाद टनल जहरीली गैस और धुएं से भर गई.

NHPC ने बताया कि हादसे में 10 लोगों की मौत हुई है. घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी.

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली. प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की भी घोषणा की गई है.

share & View comments