कोलकाता, 10 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल के वन मंत्री ज्योतिप्रियो मलिक ने सोमवार को कहा कि सुंदरबन में बाघों की संख्या 100 बताने वाली केंद्र सरकार की रिपोर्ट हकीकत नहीं दर्शाती क्योंकि वहां बाघों की संख्या अधिक होनी चाहिए।
मलिक ने राज्य के उत्तरी हिस्से में नेओरा वैली नेशनल पार्क और बक्सा बाघ अभयारण्य जैसे स्थानों पर बाघों की संख्या को शामिल नहीं करने पर भी असंतोष व्यक्त किया, जहां कैमरे में आई तस्वीरों से बाघों की उपस्थिति का पता चलता है।
मंत्री ने पीटीआई-भाषा से कहा, ”सुंदरबन में बाघों की संख्या रिपोर्ट में दिए गए आंकड़ों की तुलना में काफी अधिक है। यह 100 नहीं हो सकती जैसा कि उल्लेख किया गया है… जहां तक पश्चिम बंगाल का संबंध है तो हम इस रिपोर्ट को अधूरा मानते हैं।”
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘प्रोजेक्ट टाइगर’ के 50 साल पूरे होने के मौके पर मैसूरु में आयोजित एक कार्यक्रम में यह रिपोर्ट जारी की थी।
फिलहाल मैसूरु में मौजूद मुख्य वन्यजीव वार्डन देबल रॉय ने भी कहा कि सुंदरबन में बाघों की सही संख्या 100 से अधिक होगी।
हालांकि, उन्होंने वहां बाघों की सही संख्या बताने से इनकार किया।
नाम उजागर न करने की शर्त पर एक अन्य वन अधिकारी ने कहा कि सुंदरबन में बाघों की संख्या कम से कम 107 होनी चाहिए।
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.